लखनऊ. यूपी के सीएम आगामी 18 सितंबर को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) का दौरा करेंगे। सीएम वहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह करोड़ों रुपए की लागत से बन रहे नये भवनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद अखिलेश यादव यहां के स्टूडेंट्स से भी मुलाकात करेंगे। सीएम के स्वागत के लिए केजीएमयू प्रशासन अभी से तैयारियों में जुट गया है।
अखिलेश यादव के दौरे को लेकर केजीएमयू प्रशासन खासा उत्साहित है। 18 सितंबर को सीएम जिन भवनों का उद्घाटन करेंगे, उनमें परिसर में नवर्निमित मॉर्डन टीचिंग ब्लॉक, टाइप फाइव आवासीय ब्लॉक, टाइप फर्स्ट आवासीय ब्लॉक, टाइप द्ववितीय आवासीय ब्लॉक शामिल हैं। इसके अलावा अखिलेश यादव 100 सीटों के ब्वॉयज हॉस्टल, वर्चुअल क्लास और कम्प्युटराइजेशन एंड फाइबर ऑप्टिक केबल नेटवर्क का उद्घाटन भी करेंगे।
इनकी रखेंगे आधारशिला
परिसर आगमन के दौरान सीएम जिन योजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनमें केजीएमयू इंस्टीट़यूट ऑफ स्कील, 250 कमरों का गर्ल्स हॉस्टल, 650 कमरों का नर्स हॉस्टल और 932 कमरों का ब्वॉयज हॉस्टल शामिल हैं।
यहां पर बनेगा भवन
100 और 932 कमरों के ब्वॉयज हॉस्टल का निर्माण खदरा में होगा। केजीएमयू इंस्टिट्यूट ऑफ स्कील का निर्माण टीचिंग ब्लॉक में ही किया जाएगा। वही, 250 कमरों का गर्ल्स हॉस्टल पीएचआई भवन और एकेडमिक ब्लॉक के बीच खाली पड़े स्थान पर बनेगा। इसके अलावा 650 कमरों का नर्स हॉस्टल संक्रामक रोग हॉस्पिटल के पास स्थित जमीन पर प्रस्तावित है। अपने एक घंटे के कार्यक्रम में अखिलेश 27 मिनट छात्रों से भी मिलेंगे। सांइटिफिक कन्वेंशन सेंटर में सीएम छात्रों को संबोधित करेंगे।
केजीएमयू की फाइल फोटो।