लखनऊ. चौधरी चरण सिंह (अमौसी) एयरपोर्ट की तर्ज पर डॉ. भीमराव अंबेडकर (आलमबाग) बस स्टेशन पर किड्स जोन का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद यहां पर आने वाले बच्चे सफर के साथ ही किड्स जोन में मस्ती करेंगे। साथ ही आसपास के बच्चों के लिए भी यह किड्स जोन खुला रहेगा। यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज बस के यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधा मुहैया कराने के लिए पहल की है। निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार मेश्राम ने इस संबंध में अफसरों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
वोल्वो बस के संचालक और कौशिक ग्लोबल लॉजस्टिक (केजीएल) के महाप्रबंधक वहीदुल हसन ने बताया कि प्रबंध निदेशक की पहल पर अमौसी एयरपोर्ट की तर्ज पर किड्स जोन का निर्माण कराया जा रहा है। एक लाख की लागत से बन रहे जोन में बच्चों के लिए आधुनिक खिलौनों लाए जाएंगे। इसके अलावा उनके लिए बास्केट बॉल जैसे खेलकूद की व्यवस्था की जा रही है। किड्स जोन की खास बात यह है कि रोडवेज बसों से सफर करने वाले मुसाफिरों के अलावा आसपास के बच्चे भी बाल वाटिका का लुत्फ उठा सकेंगे।
स्लाइडर से लेकर साइकिलिंग का उठा सकेंगे लुत्फ
आलमबाग बस स्टेशन के एसी वेटिंग रूम के पीछे बनाए जा रहे किड्स जोन में बच्चों के मनोरंजन के लिए म्यूजिकल चेयर, स्लाइडर, मैजिक कार, झूले लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां साइकिल, बास्केट बॉल समेत अन्य खेल की भी व्यवस्था की जा रही है।
स्तर सुधारने की हो रही है पहल
राजधानी समेत राज्य भर में बस अड्डों और सेवाओं को सुधारने के लिए काम किया जा रहा है। निगम के एमडी मुकेश मेश्राम ने बताया कि राजधानी के ऐतिहासिक स्थलों के चित्रों और मधुबनी आर्ट के माध्यम से दोनों बस स्टेशनों का सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। इसी तरह अन्य जिलों में वहां के स्थानीय पर्यटन स्थलों का चित्रण निगम के परिसरों में किया जा रहा है। साथ ही आलमबाग बस स्टेशन पर पूछताछ काउंटर के सामने और पार्क में रंगीन बिजली की रोशनी वाले फव्वारे लगाए जा रहे हैं।
प्रतीकात्मक तस्वीर।