लखनऊ/अलीगढ. अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय की गिनती देश के बड़े शिक्षा संस्थानों में होती है। पढ़ाई का बेहतर माहौल और पढ़ाई की गुणवत्ता दोनों ही यहां मिलती है। एएमयू से पढ़े लोगों ने देश और विश्वविद्यालय का नाम सारी दुनिया में रोशन किया है, लेकिन अब यहां के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर संगीन आरोप लगा दिए हैं। छात्रों का कहना है कि एएमयू प्रशासन तानाशाह रवैया अपना कर छात्रसंघ चुनाव नहीं करवाना चाह रहा है।
इसी कारण अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों ने चुनाव की मांग को लेकर विरोध मार्च निकला और प्रशासनिक भवन का घेराव किया। वहीं छात्रों की मांग है कि छात्रसंघ चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएं। छात्रों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि एक हफ्ते के भीतर चुनाव तिथि और मांगें नहीं मानी गई, तो सड़क पर उतर कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
छात्रों का कहना है कि हर साल एएमयू प्रशासन चुनाव कराने में आना कानी करता है, नियम के आधार पर चुनाव नहीं कराते। यदि एएमयू का पिछले बीस साल का इतिहास उठाकर देखें तो एक बार भी समय से चुनाव नहीं हुआ और हर बार चुनाव कराने के लिए छात्रों को या तो आंदोलन करना पड़ता है या प्रशासन से लिखित में चुनाव करने की बात कहनी पड़ती है।
साथ ही छात्रों का कहना है कि एएमयू प्रशासन लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों की बात करती है लेकिन यह उनपर खरी नहीं उतरती है। लिंगदोह कमेटी का कहना है कि एडमिशन होने के एक हफ्ते के भीतर चुनाव हो जाने चाहिए, लेकिन एएमयू प्रशासन है कि तानाशाह रवैया अपनाए हुए है। वहीं एएमयू प्रशासन का कहना है कि वीसी को इनका मेमोरेंडम दिया जाएगा, उसके बाद ही कुछ कहा जाएगा।
आगे देखें सड़क पर हुए प्रदर्शन की तस्वीरें...