लखनऊ. मल्हौर स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में शुक्रवार नशे में धुत कुछ छात्रों ने जमकर हुड़दंग मचाया। इसके बाद मेस में खाना खा रही छात्राओं पर फब्तियों कसते हुए अश्लील हरकतें की। यही नहीं, उन्होंने कई छात्राओं को जबरदस्ती पकड़कर अपनी तरफ खींचने का प्रयास किया। इस पर कुछ अन्य स्टूडेंट्स ने विरोध किया, तो दबंग छात्रों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। शनिवार दोपहर की पुलिस की इस बाबत जानकारी दी गई। आरोपी छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी में बीते तीन दिनों से एमिटी प्रतियोगिता एमिफोरिया-2015 का आयोजन किया जा रहा था। शुक्रवार को इस प्रतियोगिता का समापन था। इसी दौरान मैकेनिकल फोर्थ ईयर के कुछ छात्रों ने कार्यक्रम में बैठी सीविल इंजीनियरिंग फर्स्ट ईयर की छात्राओं पर फब्तियां कसी। हालांकि, छात्राओं ने इस बात को नजरअंदाज कर दिया।
नशे में धुत होकर मेस में किया हंगामा
शुक्रवार रात करीब दस जब छात्राएं मेस में खाना खाने पहुंची, तो करीब 15 से 20 की संख्या में सीनियर छात्र नशे में धुत होकर मेस में पहुंच गए। यहां छात्राओं से छेड़खानी करते हुए वे हुड़दंग मचाने लगे। साथ ही जबरदस्ती छात्राओं को पकड़कर खींचातानी करने लगे। मेस में खाना खा रहे जब कुछ अन्य छात्रों ने इसका विरोध किया, तो दबंग छात्र उनके साथ हाथापाई करने लगे। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों की दखलअंदाजी के बाद आरोपी छात्र भाग गए।
चीफ प्राक्टर ने नहीं उठाया सख्त कदम
छात्राओं का आरोप है कि शनिवार सुबह उन्होंने मामले की जानकारी कॉलेज के चीफ प्राक्टर अनिल मेहरोत्रा को दी। इसके बावजूद उन्होंने इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसके बाद छात्राओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तहरीर लेकर आरोपी छात्रों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही कॉलेज प्रशासन की मदद से आरोपी छात्र फैजल, प्रत्यूष, ऐश्वर्य वाजपेयी, सौरभ सिंह और उसके अन्य साथियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या कहता है कॉलेज प्रशासन
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, कुछ छात्रों ने प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं पर फब्तियां कसी थी। वहीं, शनिवार और रविवार को कॉलेज बंद होने की वजह से सोमवार को इस मामले में जांच होगी। साथ ही मेस और कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जाएगा। आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फाइल फोटो।