लखनऊ. महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की सैकड़ों कार्यकत्रियों ने सोमवार को इंदिरा भवन के सामने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान हाथों में थाली-चम्मच बजाकर उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए। उनकी मांग थी कि सरकार जल्द उनसे किए हुए वादों को पूरा करे। ऐसा नहीं होने पर वह और उग्र होकर धरना-प्रदर्शन करेंगी।
संघ की कार्यवाहक अध्यक्ष बालेश सैनी ने बताया कि पहले भी कई बार मंत्रीजी के सामने अपनी समस्याएं रख चुके हैं, इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं हुई हैं। 11 कार्यकत्रियां रोज भूख हड़ताल पर बैठ रही हैं और जब तक सीएम मांगें नहीं मानते तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान सांसद जगदंबिका पाल ने भी उन्हें केंद्र से मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।
इस बाबत कार्यवाहक अध्यक्ष बालेश सैनी ने कहा कि बाल विकास सेवा और पुष्टाहार मंत्री के बैठकों में जो निर्णय लिया गया है, उसे तुरंत लागू किया जाए। इसके साथ सभी को राजकीय कर्मचारी घोषित किया जाए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि कार्यकत्रियों को 10 हजार रुपए और सहायिकाओं को 5 हजार रुपए मानदेय दिया जाए। इसके साथ ही 15 दिनों के समझौते के अनुसार चिकित्सा अवकाश दिया जाए। हर साल मई में वेतन के साथ एक माह का अवकाश भी दिया जाए। संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
तस्वीर में: प्रदर्शन करतीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां।