लखनऊ. मानदेय नहीं मिलने के विरोध में मदरसा शिक्षकों का गुरुवार को कांग्रेस दफ्तर पर शुरू हुआ प्रदर्शन आज भी जारी है। कांग्रेस मुख्यालय पर ये शिक्षक लगातार अपनी मांग कर रहे हैं। उधर कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि ये प्रदर्शन समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रायोजित है।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस मुख्यालय को घेर लिया, इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी हलकी झड़प भी हुई। मदरसा टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुस्लिम रजा खां के के अनुसार काफी समय से उन्हें मानदेय नहीं दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की ढिलाई के कारण ही ऐसा हो रहा है और जब तक सरकार नहीं जागेगी तब तक वह अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। उधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री के अनुसार मानदेय नहीं मिलने के पीछे प्रमुख कारण सिर्फ ये है कि यूपी सरकार ने इन शिक्षकों के उपभोग प्रमाण पत्र अभी तक नहीं भेजे हैं।
शिक्षकों को ये आन्दोलन प्रदेश सरकार के खिलाफ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आन्दोलन कर रहे मदरसा शिक्षकों को उन्होंने आश्वासन दिया है कि केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री पल्लम राजू से उनकी मुलाकात कराई जाएगी, ताकि वह अपनी बात कह सकें। लेकिन इस आश्वासन के बाद भी इन शिक्षकों पर कोई असर नहीं पड़ा और धरना जारी रखे हुए है, जाहिर है कि ये प्रदर्शन सपा प्रायोजित है और इसमें राजनीति हो रही है।