पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Bad Condition Park Chief Minister Seen Municipal Commissioner Visit Lucknow Latest News

अंधेरे में डूबे पार्क पर पड़ी सीएम की पड़ी नजर, फटकार पर नगर आयुक्त ने लिया जायजा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लखनऊ. इंदिरा नगर के सेक्‍टर -25 स्‍थित स्‍वर्ण जयंती स्‍मृति पार्क पर सीएम की नजर क्‍या पड़ी,पार्क के दिन बहुर गए। रविवार रात रिंग रोड़ से निकलते वक्‍त सीएम की नजर अंधेरे में डूबे पार्क पर पड़ी थी। इस पर उन्‍होंने अधिकारियों को फटकार लगाई थी। इसका असर ऐसा हुआ कि सोमवार सुबह खुद नगर आयुक्‍त ने वहां पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही पार्क की व्‍यवस्‍था चाक-चौबंद होने लगी।
इसके बाद नगर आयुक्त ने लालकुआं वार्ड और यदुनाथ संयाव वार्ड का भी निरीक्षण किया। यहां पर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क का भी उन्होंने दौरा किया। यहां पर घास बढ़ी होने के कारण यहां पर जंगल जैसा नजारा हो गया था। इस नजारे को देखकर नगर निगम कमिश्नर ने तुरंत अधिकारियों को फटकार लगाई और उसी वक्त यहां की देखरेख करने वाले माली मोह्मद सिद्दीक को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। साथ ही चट्टान वाला पार्क और संघ पार्क में भी घास लगवाकर इसे भी विकसित करने के आदेश दिए।
संस्‍कृत पाठशाला के पास डेयरी होने पर लगाई फटकार
लालकुआं वार्ड में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को संस्कृत पाठशाला के आसपास डेयरी चलती हुई दिखाई दी, जिसकी वजह से स्कूल के आसपास काफी गंदगी पसरी हुई थी। इसकी वजह से बच्चों को भी काफी परेशानी हो रही थी। क्योंकि डेयरियों की गंदगी की वजह से नालियां पूरी तरह से चोक हो गईं थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर नगर आयुक्त आरके सिंह ने संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई। साथ ही लगातार 15 दिन तक डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
बताते चलें कि वार्ड में जब नगर आयुक्त निरीक्षण कर रहे थे तब पता चला कि यहां पर सफाई व्यवस्था के लिए 18 कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन सफाई के लिए सिर्फ पांच कर्मचारी ही उपस्थित हैं। इसके बाद उन्‍होंने यहां के सफाई सुपरवाईजर अवधेश कुमार को फटकार लगाते हुए इन्हें नोटिस जारी करने के आदेश दिए। साथ ही जोन नंबर-एक के जोनल अधिकारी को वार्ड का लगातार सात दिन तक निरीक्षण करने और सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए।
तस्‍वीर में: स्‍मृति पार्क में स्‍थ‍िति का जायजा लेने पहुंचे नगर आयुक्‍त (नीली शर्ट में)।