लखनऊ. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने मुलायम सिंह यादव को धमकी देते हुए कहा है कि उसके खिलाफ सीबीआई का केस बंद नहीं हुआ है, फ़ाइल कभी भी खुल सकती है। दरअसल, इन दिनों मुलायम सिंह यादव अपनी हर चुनावी रैली में कांग्रेस को भ्रष्ट और भ्रष्टाचार में डूबी पार्टी कहने में गुरेज नहीं कर रहे हैं।
बेनी प्रसाद वर्मा ने अपने पुराने साथी मुलायम सिंह यादव पर रक्षा सौदों में दलाली खाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मुलायम सिंह यादव जब रक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने टाटा ट्रकों की खरीद-फरोख्त में घोटाला किया था। इसके बारे में जानकारी इंटरनेट पर भी ली जा सकती है। साथ ही, उन्होंने भाजपा औऱ सपा के बीच मैच फिक्स होने की बात करते हुए कहा कि दोनों पार्टियां वोटों के ध्रुवीकरण करके आपस में हिंदू और मुस्लिम वोटों का बंटवारा चाहती हैं, ताकि चुनावी लाभ उठाया जा सके।
बेनी ने कहा कि मुलायम सिंह कांग्रेस का विरोध कर रहे हैं और भाजपा से अंदर ही अंदर हाथ मिलाए हुए हैं। मुलायम यह न समझें कि उनके ऊपर के सीबीआई के केस खत्म हो गए हैं। अभी एक और फाइल खुलना बाकी है और यह फाइल टाटा ट्रक के खरीद की है, जब मुलायम रक्षा मंत्री हुआ करते थे। इस फाइल पर मुलायम सिंह के दस्तखत हैं, जिसके जरिए पैंतीस लाख का टाटा ट्रक एक करोड़ पंद्रह लाख रुपए में खरीदा गया था। इसमें कुल 600 करोड़ का सौदा हुआ था। इसकी फाइल सीबीआई की अलमारी में बंद है और इसे
राहुल गांधी खोलेंगे।
गोरखपुर में मोदी की रैली और वाराणसी में मुलायम की रैली में एक-दूसरे पर हमले किए जाने को नाटक बताते हुए बेनी ने कहा कि इन दोनों के बीच मैच फिक्स है और ये मैच फिक्सिंग तब से चल रही है जब अटलबिहारी की सरकार एक वोट से गिर गई थी। उस समय मुलायम ने सोनिया का सर्मथन नहीं किया था और आडवाणी को चुनाव में जाने को कहा था। आडवाणी ने इस बात का उल्लेख अपनी किताब 'माय कंट्री माय लाइफ' में किया है।