सीतापुर. संदना इलाके में तेज रफ्तार एक बोलेरो ने दो साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिलों पर सवार तीन लोगों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो मौके से भाग निकली। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
संदना इलाके के ग्राम रालामऊ निवासी आशीष (18) पुत्र चेतराम, सोनू (20) पुत्र रामजीवन और छोटा (20) पुत्र रामदयाल बैसनपुरवा के निकट स्थित देवदेवेश्वर ब्रिक फील्ड पर मजदूरी करते थे। मंगलवार की सुबह तीनों युवक मजदूरी करने के लिए भट्ठे की ओर साइकिल से जा रहे थे। आशीष और सोनू एक साइकिल पर सवार थे, जबकि छोटा दूसरी साइकिल पर था। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी।
तीनों गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में साइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया।
घायल युवकों की हालत खतरे से बाहर
सूचना मिलने पर पुलिस ने आशीष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की खबर लगते ही रालामऊ में तीनों युवकों के घरों में हड़कंप मच गया। सीएचसी सिधौली पर परिवारीजन की भारी भीड़ जमा हुईं। चिकित्सकों द्वारा घायल युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फोटो: शव के पास रोते परिजन।