लखनऊ. लखनऊ यूनिवर्सिटी के जानकीपुरम स्थित न्यू कैंपस में लॉ गर्ल्स हॉस्टल में बीते शनिवार रात एक लड़के के घुसने का मामला सामने आया है। हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों का कहना है कि वो किसी लड़की से मिलने आया था। वहीं, विवि मैनेजमेंट ने चोरी के इरादे से किसी के हॉस्टल में आने की आशंका जताई है। फिलहाल, सच्चाई जानने के लिए यहां लगे 16 सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1 बजे लॉ की एक स्टूडेंट ने हॉस्टल के थर्ड फ्लोर की बालकनी में किसी लड़के को फोन पर बात करते हुए देखा। वह खुद के गर्ल्स हॉस्टल में पहुंचने की सूचना दे रहा था। नीचे ग्राउंड पर भी एक युवक खड़ा हुआ था। इसके बाद छात्रा इसकी सूचना देने सीनियर्स के कमरे में गई, तब तक थर्ड फ्लोर पर मौजूद लड़का सेकंड फ्लोर पर आ चुका था।
लड़कियों को देख घबरा गया था लड़का
हॉस्टल में किसी लड़के के घुस आने की सूचना पर तमाम लड़कियां इकट्ठा हो गईं। ऐसे में लड़का घबरा गया और सेकंड फ्लोर से ही नीचे कूद गया। फिर पीछे की तरफ खड़ी सफेद मारुति से वह और उसके साथी भाग गए। घटना के करीब एक घंटे बाद हॉस्टल प्रोवोस्ट विनीता काचर, ब्वॉयज लॉ हॉस्टल के प्रोवोस्ट सीपी सिंह, प्रॉक्टोरियल टीम वहां पहुंची।
क्या कहती हैं छात्राएं?
छात्राओं का कहना है कि लड़के यूनिवर्सिटी के ही लॉ हॉस्टल में रहते हैं तो वहीं कुछ ने कहा कि वो बाहरी थे। उन्होंने यह भी बताया कि दो लड़के हॉस्टल में थे, जबकि दो कार में बैठे हुए थे।
हॉस्टल के पीछे नहीं है बाउंड्रीवॉल
न्यू कैंपस जिस जगह बना है, वहां आमतौर पर दिन में भी सन्नाटा रहता है। इसलिए सुरक्षा के लिहाज से यह जगह संवेदनशील है। स्थिति यह है कि लड़कियों के हॉस्टल के पीछे बाउंड्रीवॉल तक नहीं है। पिछले कई सालों से इसका काम पैसे के अभाव में रुका पड़ा है। अब इस घटना के बाद विवि प्रशासन सतर्क हुआ है।
कभी गर्ल्स हॉस्टल में नहीं घुसे लड़के
चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर निशि पांडेय के मुताबिक, रात में एक लड़के को देख छात्रा चिल्लाई थी। उसकी चीख सुनकर वह भाग गया। उसी वक्त हॉस्टल से एक कार बाहर जाती दिखी। अब इन दोनों का आपस में कोई संबंध है या नहीं, यह कहना मुश्किल है। आज तक ऐसा नहीं हुआ कि लड़के गर्ल्स हॉस्टल में घुसे हैं। हालांकि, इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कोई चोरी के इरादे से घुसा हो। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई होगी।