लखनऊ. छावनी परिषद के आठ वार्ड के सदस्य के चुनाव के लिए गुरूवार को 64 नामांकन पत्र दाखिल हुए। अब इन नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद 18 को फाइनल सूची जारी होगी। 20 दिसंबर को सभी प्रत्याशियों को सिंबल अलॉट किए जाएंगे। इसके बाद चुनावी बिगुल फुंका जाएगा और प्रत्याशी चुनाव प्रचार शुरू करेंगे।
छावनी परिषद के चुनाव के लिए गुरूवार को सुबह 11 से शाम चार बजे के बीच 64 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इसमें सबसे ज्यादा 16 नामांकन वार्ड नंबर तीन के लिए आए जबकि सबसे कम वार्ड नंबर एक में सिर्फ 4 नामांकन दाखिल हुए। इसके अलावा वार्ड नंबर दो और चार में नौ, वार्ड नंबर पांच में सात, वार्ड नंबर 6 में 6, सात में आठ और वार्ड नंबर आठ में पांच के लिए नामांकन दाखिल हुए। परिषद की अध्यक्ष शोभा गुप्ता ने बताया कि 18 को स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद 20 दिसंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 11 जनवरी को सभी आठ वार्ड में सदस्य चुनने के लिए मतदान कराया जाएगा।
50 बूथ पर होगा मतदान
11 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए परिषद सभी तैयारियां पूरी करने में जुटा हुआ है। रिटरनिंग ऑफिसर छोटेलाल मिश्र ने परिषद की सीईओ शोभा गुप्ता ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर कम से कम दो से तीन बूथ कुल 50 बूथ बनाए जा रहे हैं। सबसे अधिक 8363 मतदाता वार्ड संख्या-दो में हैं। इसके चलते यहां के तोपखाना बाजार (आरए बाजार) स्कूल में सर्वाधिक 11 बूथ बनवाए जा रहे हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र के हर बूथ पर विशेष निगरानी के लिए एक-एक कैमरा मुहैया कराया जाएगा।
बीजेपी समर्थित प्रत्याशियों ने किया नामांकन
बीजेपी ने परिषद के चुनाव में आठों सीट पर प्रत्याशी खड़े करने का फैसला किया है। बीजेपी नगर महामंत्री मुकेश शर्मा ने दावा किया है कि जनता के समर्थन से बीजेपी अधिकांश सीटों पर विजयी होगी। नामांकन कार्यक्रम में बीजेपी नगर महामंत्री मुकेश शर्मा, राकेश श्रीवास्तव, अनुराग मिश्रा अन्नू, अशोक तिवारी, मीडिया प्रभारी अवधेश गुप्ता छोटू, मण्डल अध्यक्ष अंबेश प्रकाश मिश्र, विनोद कुमार कल्लू, पार्षद हरसरन लाल गुप्ता, कौशलेन्द्र द्विवेदी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पुलिस के साथ तैनात रहेगी सेना की क्यूआरटी
नामांकन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो इसके लिए पुलिस के साथ-साथ सेना की क्यूआरटी भी तैनात दिखी। इसमें सिविल पुलिस के साथ ही महिला कांस्टेबल भी मुस्तैद थे। आरओ की ओर से चुनाव आचार संहिता भी जारी कर दी गई है। इसकी प्रतियों का वितरण नामांकन पत्र प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को मुहैया कराई जा रही है। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों की दावेदारी खारिज करने का निर्णय लिया गया है।
प्रतीकात्मक तस्वीर।