पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • CM Akhilesh Wrote Letter Prime Minister Modi 1090 Service Began All Over Country

सीएम अखि‍लेश ने पीएम मोदी को लि‍खा पत्र, देशभर में शुरू हो 1090 सेवा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फाइल फोटो।
लखनऊ. सीएम अखिलेश यादव ने राजनीति‍ से अलग हटकर 1090 सेवा को पूरे देश में विस्तार करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर आग्रह किया है। यही नहीं, उन्होंने मोदी और केंद्र सरकार की अनुभवी टीम को भी 1090 का अनुभव करने के लिए लखनऊ आमंत्रित किया है। वहीं, राजनितिक हलकों में माना जा रहा है कि जिस तरह से दिल्ली में टैक्सी में एक युवती का रेप का मामला बढ़ा है उसे देखते हुए सीएम ने इसकी सफलता को लेकर उन्‍हें पत्र लि‍खा है।
इस संबंध में सीएम ने प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा है कि इस तथ्य से वे भी सहमत होंगे कि महिलाएं कमजोर नहीं हैं। उनमें आत्मविश्वास पैदा करने और सशक्त करने के साथ ही समाज को इनके सम्मान के प्रति संवेदनशील बनाने की जरूरत है। अखिलेश यादव ने लिखा है कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना सरकार के साथ-साथ हर सभ्य समाज का भी दायित्व है। प्रदेश सरकार महिलाओं को सभी प्रकार की सुरक्षा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है। इसके तहत ही राज्य सरकार ने एक अभिनव पहल करते हुए 15 नवंबर, 2012 को विमेन पावर लाइन-1090 सेवा की स्थापना की।
1090 की भी बताई खासियत
सीएम अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को लिखे पत्र के माध्यम से बताया है कि यह सेवा आपत्तिजनक फोन कॉल्स, एसएमएस, एमएमएस द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़, सोशल नेटवर्किंग साइट, ई-मेल या किसी अन्य प्रकार से इंटरनेट के माध्यम से उत्पीड़न के मामलों में या किसी भी आकस्मिकता में पीड़ि‍त महिला को सहायता सुलभ कराती है। ऐसी स्थिति में पीड़ि‍त महिला द्वारा 1090 पर शिकायत दर्ज कराई जाती है। विमेन पावर लाइन की महिला कर्मी समस्या सुनकर तत्काल संबंधि‍त जि‍ले की पुलिस और समस्या निराकरण टीम को सूचि‍त करती है।
आरोपी को पहले दी जाती है हि‍दायत
इसके बाद समस्या निराकरण टीम द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर उत्पीड़न करने वाले को कॉल करके सुधारात्मक तरीका अपनाते हुए हिदायत दी जाती है। काउंसि‍लिंग के बाद भी यदि आरोपी में सुधार नहीं आता और उत्पीड़न जारी रखता है तो संबंधि‍त जि‍ले की पुलिस को कानूनी प्रक्रिया के लिए सूचना दी जाती है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से छेड़छाड़ या उत्पीड़न करने वालों के विरूद्ध संबंधि‍त जि‍ले की पुलिस के माध्यम से विधिक कार्यवाही सुनिश्चित कराते हुए उसका फॉलोअप भी इस सेवा के तहत किया जाता है।
यह सेवा अवकाश के दि‍न भी रहती है क्रि‍याशील
प्रत्येक शिकायत की प्राप्ति और निराकरण का एक समयबद्ध तरीके से फॉलोअप करके समस्या के पूरे निराकरण तक विमेन पावर लाइन पीड़ि‍ता के संपर्क में बनी रहती है। इस सेवा में प्रत्येक प्रकरण में शिकायतकर्ता की गोपनीयता बनाकर रखी जाती है। यह सेवा बिना किसी अवकाश के निरंतर क्रियाशील है।
आगे पढ़ि‍ए 1090 की वि‍स्‍तार के लि‍ए मोबाइल एप भी हुआ है लॉन्च