लखनऊ. सीएमओ डॉ. एसएन यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में रिपोर्ट नहीं भेजने पर संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही हर महीने 22 तारीख को सीएमओ ऑफिस को सूचना उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है। बताते चलें कि स्वतंत्रता दिवस पर डीएम राजशेखर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वास्थ्य परीक्षण करने का आदेश दिया था।
डीएम के आदेश पर सीएमओ ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर अस्पताल चिन्हित किए थे। इन अस्पतालों को डॉक्टर, नर्सें, पैरामेडिकल टीम सहित एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई थी। इन संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद अभी तक कितनी संख्या में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। इस बारे में अभी कोई जानकारी सीएमओ ऑफिस को उपलब्ध नहीं कराई गई है।
इन अस्पतालों को है स्वास्थ्य परीक्षण का आदेश
सीएमओ की तरफ से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वास्थ्य परीक्षण का आदेश दिया गया है। इनमें बलरामपुर चिकित्सालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय, डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय, लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, रानी लक्ष्मी बाई संयुक्त चिकित्सालय, बीआरडी चिकित्सालय और चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकेटी, इटौंजा शामिल हैं।
संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष को देनी होगी रिपोर्ट
सीएमओ डॉ. एसएनएस यादव ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके परिजनों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट सीएमओ ऑफिस स्थित संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष को देनी होगी।
फाइल फोटो: लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल।