प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोहनलालगंज इलाके में स्थित रामराज अस्पताल पिछले कई महीने से बिना रजिस्ट्रेशन के चलाया जा रहा था। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने सीएमओ कार्यालय में दर्ज कराई थी। इसे संज्ञान में लेते हुए सीएमओ के र्निदेश पर सोमवार को एक टीम अस्पताल के निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचने की खबर पाकर वहां पर तैनात स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि, टीम की सतर्कता की वजह से मौके पर मौजूद स्टाफ भागने में असफल रहे।
एक्सपायरी दवाइयां भी हुईं बरामद
इस दौरान छापेमारी करने पहुंची टीम के सदस्यों ने रजिस्ट्रेशन समेत कई दस्तावेज मांगे, लेकिन अस्पताल के कर्मचारी नहीं दिखा सके। वहीं, टीम के सदस्यों में शामिल एसीएमओ जीएस बाजपेई, सीएचसी अधीक्षक केपी त्रिपाठी और एसआई शिवप्रकाश पांडेय की टीम ने अस्पताल में छापा मारकर एक्सपायरी दवाएं भी जब्त की। ऐसे में नायब तहसीलदार अरविंद त्रिपाठी की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर मामले की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है।
अस्पताल में भर्ती मरीज सीएचसी ट्रांसफर
इस बारे में एसीएमओ जीएस बाजपेई ने बताया कि अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को सीएचसी में भर्ती करा दिया गया है। साथ ही अस्पताल संचालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।