लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद साक्षी महाराज के नाथू राम गोडसे को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज के गांधी प्रतिमा के पास कैंडल जलाकर बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की और ऐसे लोगों को ईश्वर से सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि इससे पहले बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गोडसे को देश भक्त बताया था। इसको लेकर उन्हें संसद में माफी भी मांगनी पड़ी थी। इसके बाद भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस विरोध कर रही है। पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी की अगुवाई में कई पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर प्रार्थना की। रामकृष्ण का कहना है कि विवादित बयान देकर फासिस्ट ताकतों ने अपनी राष्ट्र विरोधी मानसिकता जाहिर की है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हिलाल अहमद ने भी साक्षी महाराज के बयान को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नाथूराम गोडसे को राष्ट्र भक्त बताकर फासिस्टवादी ताकतों ने अपने मंसूबे जाहिर कर दिए हैं। जिस तरह से राजनीति चल रही है, वह ठीक नहीं है। गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का महाराष्ट्र में शौर्य दिवस मनाया गया। गोडसे को राष्ट्र भक्त की श्रेणी में रखा गया। महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार है। यह न केवल बीजेपी का असली चेहरा उजागर करता है, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के जरिए संघर्ष से देश को आजादी दिलाने वाले गांधी के विचारों पर कुठाराघात किया जा रहा है।
हिलाल अहमद ने आगे कहा कि बीजेपी का चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से ही अलग रहा है। जहां एक ओर पीएम
नरेंद्र मोदी स्वच्छता दिवस के रूप में गांधी का जन्मदिन मनाकर श्रद्धांजलि अर्पित करने का ड्रामा करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी ही पार्टी के सांसद, गांधी के हत्यारे को राष्ट्रभक्त बताते हैं। फासिस्टवादी ताकतों के नापाक राष्ट्र विरोधी मंसूबों को कांग्रेस पार्टी कभी कामयाब नहीं होने देगी।
साक्षी के इस बयान से मोदी भी नाराज
साक्षी महाराज ने नाथूराम गोडसे को राष्ट्रभक्त बता दिया था। हालांकि वे अपने बयान से पलट गए थे। इस विवादित बयान को लेकर संसद में विपक्ष ने भारी हंगामा किया था। साक्षी महाराज ने लोकसभा में अपने शब्द वापस लेते हुए माफी भी मांगी थी। इधर, कांग्रेस हाथ आए मौके को भुनाने की फिराक में है। इस बहाने वह बीजेपी को घेरने में जुट गई है। चर्चा है कि पीएम मोदी भी साक्षी महाराज से नाराज हैं। इससे पहले बीजेपी सांसद साध्वी निरंजन ज्योति के विवादित बयान को लेकर मोदी को फजीहत उठानी पड़ी थी।
फोटोः हजरतगंज में गांधी प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेसी।