लखनऊ. मानकनगर रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कराने आए रेलवे प्रोटेक्शन स्पेशल फोर्स (आरपीएसएफ) सिपाही ने शुक्रवार को काउंटर पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उसने रिजर्वेशन ऑफिस का शीशा तोड़कर महिला कर्मचारी के साथ बदतमीजी भी की। हद तो तब हो गई जब बेकाबू हुए उस सिपाही को मना करने पर भी काफी समय तक कोई सिपाही आगे नहीं आया।
बताते चलें कि मानकनगर थाना इलाके में स्थित रेलवे स्टेशन पर बने रिजर्वेशन काउंटर पर रिजर्वेशन कर रही महिला कर्मचारी जूली श्रीवास्तव पत्नी विवेक श्रीवास्तव निवासी के साथ आरपीएसएफ के सिपाही शेखर सिंह ने दुर्व्यहार कर काउंटर का शीशा तोड़ दिया। कर्मचारी जूली ने बताया कि वह रोज की भांति शुक्रवार की सुबह रिर्जवेशन कर रही थी। उस दौरान शेखर सिंह भी काउंटर नंबर-1147 पर आया और पीटीओ पर रिर्जवेशन करने की बात करते हुए एक फार्म उन्हें दिया।
वेरिफिकेशन की बात पर भड़का सिपाही
जूली श्रीवास्तव ने बताया कि उस फॉर्म को अपने सीनियर अधिकारी से वेरिफिकेशन करवाकर लाने को कहा तो वह वहां से चला गया। इसके बाद दस मिनट बाद आकर कहने लगा कि अब रिर्जवेशन कर दीजिए। जब उन्होंने वह फॉर्म अपने सीनियर को दिखाया तो उन्होंने कहा कि यह फॉर्म पूरा नहीं है। वहीं, बिना सीनियर अधिकारी के वेरिफिकेशन के टिकट नहीं बनाया जा सकता है। इसलिए वह फॉर्म उन्हें वापस कर दिया।
शीशा तोड़कर केबिन में घुसकर की बदतमीजी
इससे बौखलाकर सिपाही ने रिजर्वेशन ऑफिस के पीछे की तरफ से जाकर दरवाजे का शीशा तोड़कर केबिन में घुस कर अभद्रता की। वहीं, बीच-बचाव कर रहे गार्ड श्रीराम को भी गाली देते हुए धक्का देकर बाहर कर दिया। इसकी शिकायत जूली ने रेलवे पुलिस से की है।
सिपाही ने कहा- सही कागज को बता रही फर्जी
वही अपने कागज को फर्जी बताए जाने से खफ़ा सिपाही ने कहा कि वे भी जान की बजी लगाकर अपनी ड्यूटी करते हैं। सरकार की तरफ से मिल रही सुविधाओं को क्यों न लें। रिजर्वेशन कर महिला कर्मी पर सिपाही ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ जानकारी नहीं है और ऑफिस में बैठकर कर सही कागज को फर्जी बता रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘मेरी नैतिकता पर प्रश्न उठा रही हैं और हमें फ्रॉड बता रही हैं। यदि हमारा कागज फर्जी था तो उसकी शिकायत विभाग में कर सकती थीं। पुलिस बुला सकती थी। इससे मेरे खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई होती।’
फाइल फोटो