तस्वीर में: ज्योतिबा फूले में लगा पंडाल।
लखनऊ. राजधानी में दुर्गा पूजा की तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। इंदिरानगर इलाके में लगने वाले दुर्गा पूजा पंडालों को भव्य से भव्य स्वरूप देने में समितियां जुटी हुई हैं। सभी दुर्गा पूजा समितियां इस बार कुछ अलग ढंग से अपने पंडाल को सजाने और संवारने में पूरी ताकत से लगे हुए हैं। भूतनाथ इलाके में कोलकाता के जगन्नाथ मंदिर के स्वरूप में पंडाल दिखेगा, तो सेक्टर 13 में ईको फ्रेंडली पंडाल देखने को मिलेगा। पूजा पंडालों के कपाट 30 सितंबर को भक्तों के लिए विधिवत खुल जाएंगे।
इंदिरानगर के भूतनाथ पूजा पार्क में बंग भारती समिति श्री श्री सार्वजनिन दुर्गा पूजा के अध्यक्ष सीबू पदोचौधरी ने बताया कि पंडाल को भव्य रूप देने के लिए कुशल कारीगर अपने काम में जुटे हुए हैं। देवी का कपाट 30 सितंबर को विधिवत पूजा के बाद खोले जाएंगे। एचएएल परिसर में श्री श्री पूजा समिति अपना 30वां दुर्गा पूजन समारोह मनाने जा रही है। समिति के संयुक्त सचिव आशुतोष का कहना है कि इस बार बड़े ही भव्य तरीके से पूजा पंडाल की स्थापना की जा रही है।
ज्यादा खुला होगा पंडाल
रविंद्रपल्ली में कोलकाता से बुलाए गये कारीगर पार्क में लगने वाले पंडाल को अत्यधिक भव्य बनाने में जुटे हैं। समिति के सचिव मीतू दास ने बताया कि भक्तों को दर्शन और सुलभ हो सके इसे ध्यान में रखते हुए पंडाल को काफी खुला-खुला रखा जा रहा है। देवी मां के दर्शन के बाद भक्त पंडाल में बैठकर उनका ध्यान और पूजन कर सकेंगें। इसके लिए करीब 300 भक्तों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
इको फ्रेंडली पंडाल है खास
इंदिरानगर सेक्टर 13 में ईको फ्रेंडली दुर्गा पूजा पंडाल को बनाने का काम जोरों पर है। विवेकानंद सेवा समिति के महासचिव सौरभ बनर्जी ने बताया कि समिति इस बार अपना 15वां दुर्गा पूजा महोत्सव मना रही है। दुर्गा पार्क में ईको फ्रेंडली पंडाल खास तरीके से स्थापित किया जा रहा है। पार्क में लगे किसी भी पेड़-पौधों को बिना नुकसान के पूरा पंडाल बन रहा है।
मां की भक्ति के 100 साल
1914 में ही वेट रोड स्थित बंगाली क्लब में अतुल कृष्णा ने यहां दुर्गा पूजा की शुरूआत की थी। इस बार यह क्लब 100 साल पूरे कर रही है। इसको लेकर समिति के लोग भी खास आयोजन कर रहे हैं। जो 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक 10 दिनों का उत्सव चलेगा। वहीं, विसर्जन इस बार 5 अक्टूबर यानि दशहरा के अगले दिन होगा।
आगे तस्वीरों में देखिए कैसे हो रही पूजा की तैयारी...