लखनऊ. यूपी में बिजली का नया कनेक्शन लेने वाले उपभाक्ताओं को अब मीटर के लिए सिर्फ 980 रुपए देने होंगे। इससे पहले सिंगल फेस कनेक्शन के लिए 1150 रुपए देने पड़ते थे। विद्युत नियामक आयोग के निर्देश के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में थ्री फेस कनेक्शन के लिए मीटर का मूल्य 2,959 रुपए हो गया है। पहले सिंगल फेस के लिए उपभोक्ताओं से बिजली कंपनियां 1150 रुपए और थ्री फेस के लिए 5,725 रुपए वसूलती थी।
हाल ही में पावर कारपोरेशन द्वारा चलाए गए अभियान में सबसे ज्यचादा नुकसान 24 लाख नए बिजली उपभोक्ताओं को हुआ है। इन सभी उपभोक्ताओं को सस्ते मीटर महंगे दामों पर बेचे गए। इसी अभियान से कारपोरेशन ने अतिरिक्त करीब 100 करोड़ रुपए की कमाई की। इस मामले की शिकायत उपभोक्ता परिषद ने नियामक आयोग से की। इसके अलावा साक्ष्य भी प्रस्तुत किया। साक्ष्य देखने के बाद आयोग ने कारपोरेशन से जवाब-तलब किया। कारपोरेशन ने फंसने के डर से मीटर के मूल्यों में 4 सितंबर को फिर कमी करने के लिए दूसरा प्रस्ताव सौंपा था।
अब 1,290 रुपए में मिलेगा मीटर सहित कनेक्शन
कनेक्शन के मूल्य में 50 प्रतिशत मूल्य केवल मीटर का होता है। ऐसे में अब प्रदेश में नए कनेक्शन की दरों में न्यूनतम लगभग 9 से 25 प्रतिशत तक कमी हुई है। आयोग की नई दरों के मुताबिक, सिंगल फेस के मीटर सहित नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सिर्फ 1290 रूपए चुकाने होंगे। पहले उनसे बिजली कंपनियां 1460 रूपये वसूलती थीं। इसी तरह कॉमर्शियल कनेक्शन के लिए अब 2290 रूपए देय होंगे। इससे पहले करीब 2,460 रुपए चुकाने पड़ते थे।
वसूली गई रकम वापस करने की मांग
कारपोरेशन के जवाब के बाद अब उपभोक्ता परिषद ने नियामक आयोग से महंगे मीटर बेचने बहाने हुई अवैध वसूली के कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उपभोक्ताओं को वसूली गई रकम भी वापस करने की है। परिषद अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने कहा कि सिर्फ नए उपभोक्ताओं को सस्ते मीटर देने से काम नहीं चलेगा। कारपोरेशन को वसूली गई अतिरिक्त रकम उपभोक्ताओं को वापस करनी होगी। ऐसा न किए जाने पर परिषद आयोग के साथ ही अपीलेट में भी शिकायत करेगा।
प्रतीकात्मक तस्वीर।