तस्वीर में: संदीप त्रिपाठी (बाएं से पहला), पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमनमणि त्रिपाठी (बीच में), रवि शुक्ला (दाएं से पहला) की फाइल फोटो।
लखनऊ. गोरखपुर में हुए स्कूल प्रबंधक के नाबालिग बेटे की हत्या में संदीप त्रिपाठी नाम के अपराधी का नाम सामने आया है। यह वही संदीप त्रिपाठी है जिसने बीते 5 अगस्त को अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमनमणि त्रिपाठी के साथ मिलकर लखनऊ में पिस्तौल की नोंक पर एक ठेकेदार की किडनैपिंग की थी। इस बात की तस्दीक वारदात से पहले की तस्वीरें कर रही हैं कि संदीप त्रिपाठी न केवल अमनमणि का दोस्त है बल्कि उसका लखनऊ स्थित आवास पर भी आना-जाना है।
अपहरणकांड में गिरफ्तार रवि शुक्ला नाम के युवक ने अपने कबूलनामे में अमनमणि और संदीप त्रिपाठी द्वारा ठेकेदार ऋषि कुमार पाण्डेय का अपहरण करने की पुष्टि भी की है। इस कबूलनामे का वीडियो dainikbhaskar.com के पास मौजूद है। यहीं नहीं अपहरण कांड को अंजाम देने के कुछ घंटे पहले ही संदीप ने अमनमणि और रवि शुक्ला के संग खिंची गई अपनी फोटो
फेसबुक पर अपलोड की थी।
आईजी एसके माथुर तैयार करा रहे हैं संदीप का डोसियर
बताते चलें कि बीते 21 सितंबर को गोरखपुर के जंगल रसूलपुर नंबर-दो में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल चलाने वाले जीउतबंधन कुशवाहा के 14 वर्षीय पुत्र विपिन कुशवाहा की हत्या कर दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को जीउतबंधन ने बताया कि उनसे संदीप त्रिपाठी नाम का अपराधी फ़ोन करके रंगदारी मांग रहा था। इस मामले में गोरखपुर के आईजी जोन एसके माथुर ने यहां के पुलिस से उसका डोसियर (फाइल) तैयार करने को कहा है। इसमें संदीप त्रिपाठी की पूरी आपराधिक कुंडली होगी।
जानकारी इकट्ठा होने के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
इसमें जिक्र होगा कि किन लोगों ने उसे संरक्षण दे रखा है और वह किस तरह के हथियार से वारदात को अंजाम देता है। इस बारे में आईजी एसके माथुर ने बताया कि संदीप त्रिपाठी के आपराधिक इतिहास के बार में पता लगा है। उसके बारे में और जानकारियां एकत्र की जा रही है। इसके बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संदीप त्रिपाठी रंगदारी के लिए फोन करने के बाद अपने शिकार के घर या ऑफिस के बाहर फायरिंग करता है। इस बार भी उसने ऑक्सफोर्ड स्कूल के बाहर धमकाने के लिए फायरिंग की थी।
आगे पढ़िए, संदीप त्रिपाठी ने अमनमणि और रवि शुक्ला के साथ मिलकर ठेकेदार ऋषि का किया अपहरण…