लखनऊ. राजधानी के नाका थानाक्षेत्र के गणेशगंज में राधाकृष्ण मंदिर के पास हाईकोर्ट के एक वकील का शव मंगलवार सुबह मिला। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घरवालों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
राजधानी के नाका थानाक्षेत्र के गणेशगंज में राधाकृष्ण मंदिर में मूलरूप से त्रिवेदीगंज हैदरगढ़ बाराबंकी के रहने वाले 36 वर्षीय श्रवण कुमार वर्मा रहते थे। वह मंदिर के पुजारी भी थे। इसके अलावा हाईकोर्ट में वकालत भी करते थे। मंगलवार सुबह उनका शव मंदिर के पास खून से लथपथ मिला।
मृतक के बड़े भाई बलराम वर्मा ने बताया उनका भाई कल ही गांव से आया था। सुबह मौत की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी समेत बेटा विनय वर्मा (9), बेटी दिव्यांशी (4) है।
बलराम का आरोप है उनके भाई की हत्या करने के बाद शव को हादसा दिखाने के लिए छत से फेंका गया है। थानाप्रभारी नाका का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।