लखनऊ. बुधवार को हाईकोर्ट के बाहर हंगामे के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से लाठीचार्ज के विरोध में वकीलों ने गुरुवार को काम नहीं करने का फैसला लिया है। पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित अवध बार एसोसिएशन ने बुधवार शाम को ये फैसला लिया। एसोसिएशन की मांग है कि मामले में जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। पूरे मामले की जांच की भी मांग की गई है।
क्या कहता है अवध बार एसोसिएशन?
अवध बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीसी वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य भवन के कर्मचारियों ने वकीलों पर पथराव किया। इससे हंगामा और बढ़ा। मृतक वकील श्रवण कुमार वर्मा के परिजनों को दस लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की गई है, लेकिन प्रशासन पांच लाख रुपए देना चाहता है।
क्या है पूरा मामला?
नाका थानाक्षेत्र के गणेशगंज में वकील की हत्या के विरोध में बुधवार को हाईकोर्ट के वकीलों ने आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ और पथराव किया था। 100 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की और रोडवेज की दो बसों सहित कई गाड़ियां फूंक दी। प्रदर्शनकारी वकीलों ने मीडियावालों को भी नहीं बख्शा और उनके कैमरे तोड़ दिए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने वकीलों पर लाठीचार्ज किया। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता अवधेश हमले में बुरी तरह से घायल हुए हैं। उन्हें सहारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डीएम राजशेखर ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है।
वकीलों के हड़ताल के चलते आज भी ट्रैफिक डायवर्जन
- पुराने लखनऊ मेडिकल कॉलेज से डालीगंज पुल होकर परिवर्तन चौक हज़रतगंज की ओर कोई भी वाहन नहीं जा पाएंगे। यह यातायात डालीगंज पुल से बायें मुड़कर नदवा होते हुए जा सकेगा।
- कैसरबाग बस अड्डा चौराहे के कोई भी यातायात कलेक्ट्रेट हाइकोर्ट के रास्ते नहीं जा सकेगा। यह यातायात चौराहा अशोक की लाट से बाएं मुड़कर भातखंडे विश्वविद्यालय होकर परिवर्तन चौक की तरफ जा सकेगा।
- हज़रतगंज लालबाग से परिवर्तन चौक के रास्ते शहीद स्मारक होकर डालीगंज पुल की ओर जाने पर रोक रहेगी। यह यातायात परिवर्तन चौक से आगे हनुमान सेतु से पहले बायें मुड़कर नदवा डालीगंज पुल होकर जा सकेगा।
- आईटी हनुमान सेतु से आने वाला सामान्य यातायात और रोडवेज़ बसे परिवर्तन चौक से बाएं कोर्ट के रास्ते कैसरबाग नहीं जा पाएंगी। यह यातायात अशोक की लाट चौराहा होकर गुजरेगा।
-बवाल या उपद्रव जैसी विशेष परिस्थितियों में जन सुरक्षा को ध्यान में रखकर डालीगंज पुल,परिवर्तन चौक,कैसरबाग बस अड्डा चौराहे पर बैरियर लगाकर कोर्ट या स्वस्थ्य भवन की ओर पैदल यात्रियों को भी जाने से प्रतिबंधित किया जा सकता है।