लखनऊ. श्री राममूर्ति और बुंदेलखंड एजुकेशनल ग्रुप इंस्टिट्यूट में छापेमारी के बाद इनकम टैक्स विभाग के निशाने पर दूसरे इंस्टिट्यूट भी हैं। इनकम टैक्स अधिकारी जल्द ही प्रदेश के आधा दर्जन इंस्टिट्यूट में छापा मार सकती है। विभाग की इन्वेस्टीगेशन विंग के निशाने पर आए इन कैंपसों में भी एडमिशन के नाम पर करोड़ों रुपए का डोनेशन लेने का आरोप है। ऐसे में संबंधित अधिकारी जल्द ही इनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में इनकम टैक्स की टीमें दोबारा श्री राममूर्ति और बुंदेलखंड एजुकेशनल कैंपस में छापेमारी कर सकती है। हालांकि, अधिकारी इस बात से फिलहाल इनकार कर रहे हैं। इनकम टैक्स की इन्वेस्टीगेशन विंग के डीजी कृष्ण सैनी ने बताया कि दोनों इंस्टिट्यूट के खिलाफ अभी जांच चल रही है। ऐसे में दोबारा छापा नहीं मारा जाएगा। यदि जांच के दौरान महसूस हुई कि कुछ अन्य दस्तावेजों को जब्त करने की जरूरत है, तो बेशक ऐसा किया जाएगा।
बताते चलें कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने टैक्स रिटर्न में गड़बड़ी और ब्लैक मनी की शिकायत के बाद कार्रवाई की थी। टीम ने बुंदेलखंड एजुकेशनल ग्रुप और श्री राममूर्ति ग्रुप ऑफ कॉलेज के कई ठिकानों पर बीते गुरुवार को छापा मारा। इसके साथ ही इनकम टैक्स की टीम ने लखनऊ, बरेली और उन्नाव कैंपस में भी दस्तावेजों को खंगाला। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को 30 करोड़ रुपए के कैश मिले। इसके अलावा 5 किलो सोने के बिस्किट भी बरामद हुए थे। जांच के दौरान ही प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन के लिए भारी डोनेशन का खेल सामने आया था।
प्रतीकात्मक तस्वीर।