लखनऊ. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की लखनऊ विंग की इंवेस्टीगेशन टीम ने गुरुवार की सुबह राममूर्ति ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के बरेली और उन्नाव कैंपस पर छापा मारा है। इस दौरान टीम ग्रुप के दोनों कैंपस में छात्रों के एडमिशन से लेकर उनकी फीस और इंस्टीट्यूट द्वारा दाखिल किए रिटर्न का मिलान कर रही है।
बताते चलें, वेतन भोगी अधिकारियों के रिटर्न फाइल करने की तिथि 31 जुलाई थी। वहीं, एक करोड़ से ज्यादा आय वाले वाणिज्यिक संस्थानों को 30 सितंबर तक अपना आयकर रिटर्न ऑडिट के साथ दाखिल करना है। मियाद से पहले ही हुई आईटी की इस कार्रवाई से अंदाजा लगाया जा रहा है कि विभाग को इंस्टीट्यूट द्वारा टैक्स चोरी की शिकायत मिली है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि राम मूर्ति ग्रुप के पिछले दो साल के रिटर्न में भी गड़बड़ी की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, टीम को करीब 50 लाख से ज्यादा टैक्स की हेराफेरी होने की उम्मीद है। फिलहाल, टीम की जांच जारी है और अधिकारी जांच पूरी होने और टीम की रिपोर्ट मिलने तक कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
राममूर्ति ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की फाइल फोटो।