लखनऊ. कुछ दिन पहले इप्शीता द्वारा जन्मे शावक को लेकर जू प्रशासन के माथे पर बल ला दिया है। शनिवार सुबह कीपर और डॉक्टरों द्वारा निरीक्षण में पाया गया कि हाल ही में मां बनी बाघिन इप्शिता द्वारा अपने बच्चे को दूध नहीं पिलाया जा रहा है। मां ने बच्चे को छोड़ दिया है। शावक अपनी मां से अलग पड़ा हुआ था। मां द्वारा बच्चे को छोड़ दिए जाने के कारण शावक को इलाज के लिए वन्यजीव अस्पताल ले आया गया है। यह जानकारी जू निदेशक अनुपम गुप्ता ने दी।
जू निदेशक अनुपम गुप्ता ने शनिवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार शाम को निरीक्षण के दौरान शावक सामान्य रूप से चहल कदमी करता पाया गया था। शनिवार सुबह उसे अपने बाड़े में अचेत अवस्था में पाया गया। इसको देखते ही डॉक्टरों की टीम द्वारा तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया है। शावक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। 31 जून को सफेद बाघ आर्यन और रायल बंगाल टाइगर इप्शिता की ब्रीडिंग से जन्मी यह शावक मादा और सामान्य रंग की है।
डॉक्टरों की टीम द्वारा मां इप्शिता द्वारा बच्चे को छोड़ने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि इसके पूर्व भी इप्शिता ने दो बार शावकों को जन्म दिया। मां द्वारा शावकों को छोड़ दिए जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी। इसलिए कुछ ही दिन पहले दिए शावक के जन्म को लेकर जू प्रशासन सतर्क है। निदेशक ने बताया कि इस समय डॉक्टरों की पहली प्राथमिकता शावक को बचाने की है।
प्रतीकात्मक तस्वीर।