तस्वीर में: चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते बाढ़ पीड़ित।
लखनऊ. जम्मू-कश्मीर की बाढ़ में फंसे लोगों के लिए रेलवे ने हाथ बढ़ाया है। रेलवे ने
जम्मू कश्मीर से अपने-अपने घरों को जाने वाले बाढ़ पीड़ितों को कटरा, उधमपुर और
जम्मू से उनके घर के रेलवे स्टेशन तक मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की है। इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों के लिए ले जाई जा रही राहत सामग्री को इन स्टेशनों तक मुफ्त पहुंचाया जाएगा। इसके लिए रेलवे न केवल स्पेशल ट्रेनें चला रहा है, बल्कि पहले से चल रही ट्रेनों में एक्स्ट्रा कोच लगाकर बाढ़ पीड़ितों को वहां से रवाना किया जा रहा है। अभी तक ट्रेनों के जरिए 25 हजार बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा चुका है।
बताते चलें कि शनिवार को उधमपुर से लखनऊ तक विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। रविवार को इसके जरिए काफी संख्या में बाढ़ प्रभावितों को उनके जिलों तक पहुंचाया गया। इस ट्रेन से लगभग पांच हजार बाढ़ पीड़ित लखनऊ पहुंचे। इनमें करीब 250 लोग लखनऊ के थे। बाकी बचे पूर्वांचल और बिहार के रहने वाले थे।
क्या कहते हैं अधिकारी
रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए मुफ्त रेल यात्रा के लिए जम्मू-तवी, उधमपुर, कटरा, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली जं और नई दिल्ली स्टेशन पर फ्री ईएफटी (इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर) जारी करके उनको आगे की यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शनिवार को ही दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से लगभग छह सौ यात्रियों को सम्पर्क क्रांति, जनसाधारण एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेनों से इस्लामपुर, इलाहाबाद, अरारिया कैंट, बेतिया, कटिहार, लालगंज, नरकटियागंज, पूर्णिया, किशनगंज, दरभंगा, बघा माल्दा टाउन और जोगबनी भेजा गया।
रेलवे ले रहा है गुरुद्वारों और एनजीओ से मदद
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए रेलवे ने एनजीओ और गुरूद्वारों के साथ मिलकर स्टेशनों पर नि:शुल्क भोजन और अन्य खाद्य पदार्थों की व्यवस्था भी की है। साथ ही रेलवे के डॉक्टरों का दल मेडिकल टीम के साथ मिलकर इन सभी स्टेशनों पर जरूरतमंद बाढ़ पीड़ितों को मुफ्त इलाज और दवाइयां उपलब्ध करा रहा है।
आगे पढ़िए रेलवे ने दिल्ली में जारी किए मोबाइल नंबर...