लखनऊ. किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में मंगलवार को रिसर्च सेल द्वारा आयोजित रिसर्च शो केस के दौरान उत्कृ़ष्ट शो के लिए आठ फैकल्टी मेंबर सहित दो मेडिकोज को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विवि के कुलपति प्रो. रविकांत सहित रिसर्च सेल के प्रभारी डा आरके गर्ग मौजूद रहें। रिसर्च शो केस के दौरान उच्च स्तरीय पत्रिकाओं में शोध कार्यों के लिए पोस्टर का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल विवि के कुलपति प्रो. रविकांत अवार्ड पाने वाले शिक्षकों में रिसर्च के लिए वाह्य संस्थाओं से सबसे ज्यादा अनुदान पाने वाले बालरोग विभाग की प्रो. शैली अवस्थी को 2013-14 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी तरह डेंगू वायरस के चलते न्यूरो में आने वाली समस्याओं पर अध्ययन करने के लिए न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. राजेश वर्मा को दिया गया। उच्चतम इंपैक्ट फैक्टर जर्नल मे केस रिपोर्ट प्रकाशित होने के लिए संयुक्त रूप से कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. वीएस नारायण और कार्डियोलॉजी के ही डॉ. एस के द्विवेदी को दिया गया।
इन डॉक्टर्स को किया गया सम्मानित
डॉ. अमिता जैन को माइक्रोबायलॉजी विभाग में शोध के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए और दंत शोध में उपलब्धता के लिए डॉ बालेंद्र प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया। इसी तरह उत्कृ़ष्ट पोस्टर प्रदर्शनी में बेसिक साइंस वर्ग में डॉ. अभिजीत चंद्रा को और शल्य विज्ञान वर्ग में यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. एस एन शंखवार को पुरस्कृत किया गया। इनके अलावा सर्वश्रेष्ठ पीएचडी के लिए डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता को 2014-15 के लिए पुरस्कृत किया गया। डॉ. गुप्ता ने प्रो. आरके गर्ग के निर्देशन में शोध कार्य पूरा किया है। मेडिसिन साइंस वर्ग में उत्कृ़ष्ट पोस्टर के लिए डा शमसी अकबर को भी सम्मानित किया गया।
डॉक्टर ने बताए अपने शोध के निष्कर्ष
केजीएमयू में चल रहे रिसर्च शो केस के दौरान डेंगू के चलते न्यूरो बीमारियों को लेकर किए गए अपने रिसर्च पर न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. डॉ राजेश वर्मा ने प्रकाश डाला। वहीं सबसे ज्यादा अनुदान लाने वाले बाल रोग विभाग की प्रो. शैली अवस्थी ने निमोनिया को लेकर किए गए रिसर्च पर प्रकाश डाला।