लखनऊ. जय नारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) ने अपने यहां पर को-एड के तहत बीपीएड, एलएलबी और बीएड में भी छात्राओं को भी एडमिशन देने का फैसला लिया है। केकेसी का नया सत्र जुलाई से शुरू रहा है। कॉलेज के प्रस्ताव पर मैनेजमेंट कमिटी ने हरी झंडी दी है। अभी तक कॉलेज में छात्राओं को कुछ कोर्सों में ही एडमिशन दिए जाने का प्रावधान था। इन कोर्सों में छात्राओं को दाखिला देने वाला केकेसी पहला कॉलेज बन गया है।
केकेसी कॉलेज स्थापना के समय से अपने यहां पर छात्रों को ही एडमिशन देता था। बीते कुछ साल पहले को-एड हो जाने की वजह से कॉलेज में छात्राओं को भी एडमिशन मिलते रहे हैं। पहले चरण में कॉलेज की तरफ से छात्राओं को ग्रेजुएट लेवल पर बीए, बीकॉम और बीएससी के कोर्सों में एडमिशन दिया जाता था। इसके बाद छात्राओं की ओर से कॉलेज में संचालित दूसरे कोर्सों छात्राओं को एडमिशन देने की मांग लगातार की जा रही थी। छात्राओं की मांग को देखते हुए कॉलेज की मैनेजमेंट कमिटी की तरफ से बीपीएड, एलएलबी और बीएड में दाखिला दिए जाने की हरी झंडी दे दी गई है।
अगले सत्र से होगा एडमिशन
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एसडी शर्मा ने बताया कि इन कोर्सों में अगले सत्र से एडमिशन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कॉलेज में पहले से ही सभी कोर्सों में निर्धारित सीटों पर 20 फीसदी छात्राओं को एडमिशन देने का प्रावधान है। इन तीनों कोर्सों में भी छात्राओं के लिए आरक्षित सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा। यहां एलएलबी और बीएड में पहले से ही महिला फैकल्टी मौजूद है। ऐसे में इन कोर्सों में छात्राओं के एडमिशन में कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं बीपीएड कोर्स में दो महिला फैकल्टी की भर्ती के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। नये सत्र में नियुक्ति कर दी जाएगी।
फोटो: केकेसी कॉलेज।