लखनऊ. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में अब आवंटियों को अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यहां एक शिकायत निवारण प्रकोष्ठ बनाया गया है। छुट्टी का दिन छोड़कर अन्य दिनों में यह प्रकोष्ठ सुबह 10 से 12 बजे तक खुला रहेगा। इस दौरान यहां अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है।
बताते चलें कि, आवंटियों की अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए एलडीए अधिकारियों के कई दिनों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में अब आवंटियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए एक शिकायत निवारण प्रकोष्ठ बनाया गया है। इस प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज करने के लिए एक रजिस्टर रखा गया है। इस रजिस्टर को स्वागत कक्ष में रखा जाएगा।
आवंटी की शिकायत रजिस्टर में दर्ज होने के बाद उसे संबंधित अधिकारी के पास भेजा जाएगा। इसके बाद अधिकारी उस शिकायतकर्ता को बुलाएगा और उसकी शिकायत को सुनकर उसका तत्काल प्रभाव से समाधान करेगा।
एलडीए के एक अधिकारी श्रीचंद वर्मा ने बताया कि जो शिकायत यहां पर आएगी उनकी रोजाना समीक्षा भी की जाएगी। समीक्षा के दौरान देखा जाएगा कि कितनी शिकायत आई और उनका किन अधिकारियों से समाधान कराया गया। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि समस्या को सुलझाने में कितना समय लगा?
लगाए जाएंगें डिस्पले बोर्ड
एलडीए परिसर में डिस्पले बोर्ड स्टैंड लगाए जाएंगें। इस बोर्ड पर एलडीए संबधित योजनाएं, नवीनतम योजनाएं और सामुदायिक केंद्रो से जुड़ी जानकारियां डिस्पले होती रहेगी। इससे लोगों को एक ही जगह पर सभी जानकारी मिलती रहेगी।
एलडीए भवन की फाइल फोटो।