लखनऊ. राजधानी के माल थाना क्षेत्र में नशे के आदी अधेड़ किसान की पड़ोसी ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वह पड़ोसी के घर के सामने शराब पीकर गाली-गलौज कर रहा था। इस दौरान गुस्साए पड़ोसियों ने अधेड़ को लाठी से पीटना शुरू कर दिया। पिटाई से वह बेहोश हो गया। परिजन उसे सीएचसी माल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माल थाना क्षेत्र के नौबस्ता गांव निवासी शिव रतन (55) अपने घर के बाहर शराब पी रहे थे। रात करीब नौ बजे वह नशे में पड़ोसी ननके के घर के बाहर खड़ा हो कर गाली-गलौज करने लगा। जब ननके ने इसका विरोध किया तो शिव रतन उससे मारपीट पर उतारू हो गया। इस दौरान गुस्से से तिलमिलाए ननके ने उसे लाठी से पीटना शुरू कर दिया। अचानक लाठी उसके सिर पर जा लगी ओर वह बेहोश हो गया।
शिव रतन की पिटाई के बाद आरोपी है फरार
मारपीट की आवाज सुनकर शिवरतन के परिजन बाहर आए तो ननके भाग खड़ा हुआ। बेहोश पड़े शिव को उसके परिजन सीएचसी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस को मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं, पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है।
शराब पीकर अक्सर देते थे गाली
गांव के लोगों का कहना है कि शिव रतन हमेशा से ही शारब पीकर गाली देते रहते थे। घर के सामने रोज-रोज गंदी-गंदी गालियां देने से आजिज आकर ननके ने यह कदम उठाया।
प्रतीकात्मक तस्वीर।