लखनऊ. नगर निगम ने ठेके पर दी जाने वाली पार्किंग में वित्तीय अनियमितता के चलते जोन नंबर चार के लिपिक को निलंबित कर दिया है। वहीं, जोनल अधिकारी और कर अधीक्षक को वित्तीय अनियमितता में कार्रवाई नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया है। इतना ही नहीं, जब तक अनिल कुमार निलंबित रहेंगे तब तक उन्हें किसी भी तरह का भत्ता नहीं दिया जाएगा।
लखनऊ नगर निगम के जोन नंबर चार के अंतर्गत आने वाले भूतनाथ मंदिर के सामने तिकुनियां पार्क के पास बनी पार्किंग का ठेका मनोज कुमार को पांच लाख रुपए में दिया गया था। इसमें ठेकेदार ने सिर्फ एक लाख 75 हजार रुपए जमा किए। इसमें स्टांप शुल्क के साथ 3,56,330 रुपए उसने नहीं जमा किया। ऐसी स्थिति में अधिकारियों को ठेकेदार पर कार्रवाई करनी थी, लेकिन वह पार्किंग का बराबर संचालन करता रहा। इसे देखते हुए नगर आयुक्त उदयराज ने लिपिक अनिल कुमार को निलंबित कर दिया।
जांच अधिकारी नियुक्त
इसके साथ नगर आयुक्त ने इस पूरे मामले की जांच करने के लिए जोन नंबर-1 के जोनल अधिकारी अशोक सिंह को नियुक्त कर दिया है। वह इस मामले की जांच करके 15 दिन में आरोप पत्र देगें और एक महीने में अपनी रिपोर्ट देगें।
दो दिन के अंदर मांगा गया जवाब
जोन नंबर-4 के जोनल अधिकारी अनूप सिंह को नोटिस दिया गया है कि उन्होंने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई क्यों नहीं की। इसका जवाब देने के लिए अनूप बाजपेई को दो दिन का समय दिया गया है। दो दिन के अंदर अनूप बाजपेई जवाब नहीं देते हैं तो ये मान लिया जाएगा कि उन्हें अपनी सफाई में कुछ नहीं कहना और इसके बाद उन पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जोन के अधीक्षक को भी कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है और दो दिन के अंदर जवाब मांगा गया है।
फाइल फोटो