लखनऊ. लखनऊ यूनिवर्सिटी (एलयू) ने कैम्पस में वेलेन्टाइन डे सेलिब्रेट करने पर बैन लगा दिया है। नियम तोड़ने पर स्टूडेंट्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यूनिवर्सिटी की प्रॉक्टर प्रो. निशी पांडेय ने निर्देश जारी करते हुए ये जानकारी दी। यूनिवर्सिटी के इस फैसले के बाद स्टूडेंट्स में काफी रोष है। बीजेपी सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने एलयू में वेलेन्टाइन डे मनाने पर बैन लगाना उचित नहीं है। हर कोई इसे मनाने के लिए स्वतंत्र है।
क्या है दिशा-निर्देश?
- कोई भी छात्र या छात्रा किसी भी बाहरी व्यक्ति को कैम्पस में लेकर नहीं आएगा।
- एंट्री के दौरान गेट पर हर छात्र को अपना आईडी कार्ड दिखाना होगा।
- वेलेन्टाइन डे का बहाना बनाते हुए कैम्पस में किसी पर कोई भी कमेंट नहीं किया जाएगा।
- कैम्पस में कोई भी स्टूडेंट किसी स्टूडेंट को गिफ्ट या फ्लावर नहीं दे सकेगा। प्रॉक्टर के मुताबिक, इस तरह के गिफ्ट्स लालच की तरह होते हैं, जो माहौल खराब करते हैं। कैम्पस पढ़ाई करने के लिए है, न कि एंटरटेनमेंट के लिए।
- पढ़ाई के बाद स्टूडेंट्स सीधे घर या हॉस्टल जाएंगे।
- जांच के दौरान छात्रों से उनके डॉक्यूमेंट भी मांगे जा सकते हैं।
- इन निर्देशों को न मानने पर संबंधित स्टूडेंट के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।
क्या कहती हैं प्रॉक्टर?
प्रो. निशी पांडेय ने बताया, "यूनिवर्सिटी पढ़ाई के लिए होती है, न कि अफेयर के लिए। अगर वेलेन्टाइन डे मनाना है तो छात्र कही और जा सकते हैं। स्टूडेंट्स पर और कोई भी प्रतिबंध नहीं है।"
छात्र संगठनों में रोष
- छात्र संगठनों ने प्रॉक्टर के इस फैसले पर रोष जताया है।
- उनका कहना है कि प्रॉक्टर को छात्र मर्यादाओं का ब्योरा भी देना चाहिए, ताकि वे उनके मुताबिक, काम करें।
- छात्रों ने कहा कि ऐसा लगता है कि अब यूनिवर्सिटी में छात्रों के कोई अधिकार नहीं रह गए हैं। बस प्रॉक्टर का तुगलकी फरमान ही माना जाएगा।