लखनऊ. फ्रेशर पार्टी में मार पिटाई करने वाले लखनऊ यूनिवर्सिटी के चार छात्रों को निलंबित कर दिया गया। उनसे एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। छात्रों के मामलों को लेकर वजह बताने के आधार पर प्राक्टोरियल बोर्ड यह तय करेगा कि आगे क्या कार्रवाई की जाए।
जानकारी के मुताबिक, आठ सितंबर को नवीन परिसर में नेसकैफे के पार फ्रेशर पार्टी के दौरान दो छात्रगुट भिड़ गए थे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया था। समिति के जांच में चार आरोपी छात्रों की पहचान हुई है।
आरोपी छात्रों में बीबीए आईबी के पांचवे सेमेस्टर का छात्र वैभव सिंह, बीकॉम आनर्स का तीसरे वर्ष का छात्र सदाफ हनीफ, बीकॉम आनर्स के तीसरे वर्ष का छात्र अभिषेक मद्धेशिया और एमबीए मार्केटिंग के पहले सेमेस्टर का छात्र निशांत सिंह शामिल है। निलंबित छात्रों के परिसर और छात्रावासों में प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई है।
स्पष्टीकरण मिलने पर होगी कार्रवाई
फ्रेशर पार्टी में मार पिटाई करने वाले छात्रों की मनमानी को लेकर कुलानुशासक प्रो. मनोज दीक्षित ने बताया कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद तय किया जाएगा कि यूनिवर्सिटी से निकलने की कार्रवाई की जाए या नहीं।
लखनऊ यूनिवर्सिटी (तस्वीर में)