पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Man Killed In Property Dispute Shahjahapur

शाहजहांपुर: जमीनी विवाद में युवक की लाठियों से पीटकर हत्या, पिता घायल

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शाहजहांपुर/लखनऊ. कटरा थानाक्षेत्र के ग्राम भूड़खेड़ा में खरीदारी करके घर लौट रहे पिता-पुत्र पर गांव के ही कुछ लोगों ने घात लगाकर हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर दोनों को मरणासन्न कर दिया। बाद में उपचार के लिए ले जाते वक्त पुत्र ने दम तोड़ दिया। घटना का कारण जमीनी विवाद बताया गया है। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना कटरा के ग्राम भूड़खेड़ा के विजेंद्र सिंह यादव और उनका बेटा मंजेश यादव (35) खेतीबाड़ी करते थे। मंजेश का खेत गांव से सटा हुआ है। इसी खेत के पास गांव के हरिपाल की जमीन थी, जिस पर करीब छह महीना पहले हरिपाल ने अपना मकान बनवाया तो उसका दरवाजा मंजेश के खेत की ओर खोल दिया। मंजेश और उसके पिता ने विरोध किए, लेकिन दबंग हरिपाल नहीं माने। इस मामले की पुलिस और एसडीएम तिलहर से शिकायत की गई। इस पर एसडीएम ने आदेश कर दरवाजा बंद करवा दिया। कुछ दिन बाद ही हरिपाल ने फिर दरवाजा खोल लिया। इसको लेकर फिर विवाद हुआ और मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

तिलहर की खरीदारी करने गया था विजेंद्र
शनिवार दोपहर मंजेश अपने पिता विजेंद्र के साथ बाइक द्वारा तिलहर खरीदारी करने गया था। शाम करीब चार बजे दोनों उधर से वापस आ रहे थे, तभी गांव के बाहर घात लगाए, हरिपाल, हरिपाल के भाई जयनाथ, हरिपाल के दोनों पुत्रों विनोद और रंजीत ने उन्हें घेर लिया। तमंचे तानकर उन लोगों ने बाइक रुकवा ली और इसके बाद लाठी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरगुल सुनकर पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों को देखकर हमलावर भाग गए। घटना के बाद घायलों को तुरंत पहले थाने और फिर सीएचसी तिलहर ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में मंजेश की मौत हो गई।
पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने लिखी रिपोर्ट
पुलिस ने मंजेश की पत्नी गीता की तहरीर पर हरिपाल, जयपाल, विनोद और रंजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रंजीत चार भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं।
मंजेश चचेरे भाई की हत्या का था आरोपी
मारा गया मंजेश भी हत्याभियुक्त था। पुलिस के अनुसार करीब 15 साल पहले उसने जमीनी विवाद के कारण अपने सगे चचेरे भाई रामेंद्र सिंह की हत्या कर दी थी। इस मामले में वह इलाहबाद हाईकोर्ट से जमानत पर छूटा चल रहा था।
फोटो: वारदात के बाद बैठे लोग।