पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Man Shot Dead Benti Village Lucknow Uttar Pradesh Latest Crime News Hindi

बाइक सवार बदमाशों ने बेटे के सामने ही बाप को मारी गोली, मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लखनऊ. बंथरा थाना क्षेत्र के गांव नटकौर निवासी एक सर्राफ को सोमवार शाम सवा छह बजे बदमाशों ने बेंती गांव के पास गोली मार दी। घायल अवस्‍था में उन्‍हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकि‍न उन्‍होंने रास्‍ते में ही दम तोड़ दि‍या। वारदात के समय उनके साथ उनका बेटा मौजूद था। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और जांच की बात कह रही है।
सरोजनीनगर के गौरी बाजार निवासी राम विलास सोनी (50) की बंथरा के हरौनी में दो दुकानें हैं। एक दुकान श्री साईं ज्वैलर और दूसरी ओम साईं ज्वैलर है। श्री साईं ज्वैलर पर राम विलास और ओम साईं ज्वैलर पर छोटा बेटा राजू सोनी बैठता है। सोमवार शाम करीब छह बजे पिता-पुत्र दुकान बंद करके घर के लिए निकले थे।
बंथरा के बेंती गांव के करीब पीछे से आए बाइक सवार तीन हमलावरों ने राम विलास पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक गोली सिर में और दूसरी कमर के पास लगी। गोली लगते ही राम विलास बाइक से गिर पड़े। तब तक हमलावर बाइक से फर्राटा भरते हुए मौके से फरार हो गए। राम विलास को उनका बेटा राजू सोनी राहगीरों की मदद से पुलिस ने ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने परिजनों से बात की लेकिन अब तक कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। एसओ बंथरा के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला रंजिश का लग रहा है। उन्‍होंने बताया कि‍ किसी भी प्रकार की लूटपाट की बात सामने नहीं आ रही है।
बड़े बेटे की दोनों किडनी हो चुकी है फेल
मृतक राम विलास के बड़े बेटे सत्यपाल सोनी की दोनों किडनी फेल हो चुकी है। इसी कारण एक दुकान पर छोटा बेटा और दूसरी दुकान पर राम विलास खुद बैठते थे। वहीं सूत्रों के अनुसार राम विलास की उनके दामाद से रुपयों के लेन-देन को लेकर कुछ विवाद था। कुछ दिन पहले ही उसने राम विलास को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
गृहमंत्री दो दिन पहले ही बेंती का दौरा करके गए थे
बताते चलें कि यह बेंती वही गांव है जिसे भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गोद लिया हुआ है। वे दो दिन पहले बेंती का ही दौरा करके गए हैं। वहां पर इस तरह की वारदात अपने आप में राजधानी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।