बहराइच. मौसम बदलने के चलते नवाबगंज कस्बे में खसरा फैल गया है। जोलाहनपुरवा मोहल्ले के हर परिवार का कोई न कोई सदस्य चपेट में है। इनमें बच्चों सहित 28 लोग बीमार हैं। इनमें तीन की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर स्वास्थ्य टीम गांव पहुंच गई है। दवाईयां बांटी जा रही है।
सीमावर्ती कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला जोलाहनपुरवा में तीन दिन से खसरा फैला हुआ है। पहले मोहल्ले के लोग बुखार की चपेट में आए। फिर सभी के शरीर पर दाना निकल आया। इनमें बच्चों की संख्या ज्यादा है। मोहल्ला निवासी अब्दुल हफीज का कहना है, खसरा फैलने की सूचना बुधवार को नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र दी गई। इसके बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची।
नहीं थी जानकारी, भेज रहे हैं टीम
वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केबी जैन का कहना है, खसरा फैलने की जानकारी उन्हें नहीं थी। सूचना मिलते ही संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष की टीम को गांव भेजा जा रहा है। टीम गांव में कैंप कर मरीजों का इलाज करेगी। उन्होंने कहा कि बदल रहे मौसम में ग्रामीणों को खुद से सावधान रहना होगा। जिला संक्रामक रोग नियंत्रण विभाग के प्रभारी मुईन अहमद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गांव में खसरा फैला हुआ है। टीम पहुंच गई है। दवाइयां बांटी जा रही है।