पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Miscreant Beat Young Man And Kidnapped From Railway Station In Lakhimpur Kheri

युवक को पीटकर स्‍टेशन से उठा ले गए दबंग, बहन ने प्रधान पर लगाया आरोप

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लखनऊ/लखीमपुर खीरी. नगर पलिया थानाक्षेत्र में गुरुवार देर शाम जमीन को गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपए लेकर घर लौट रहे देवरिया जिले के भाई-बहनों पर कुछ लोगों ने रेलवे स्टेशन पर हमला बोल दिया। हमलावर भाई को मारपीट कर बुरी तरह घायल करने के बाद सबके सामने खींच ले गए। पीड़ि‍त महिला ने क्षेत्रीय प्रधान और उसके साथियों पर आरोप लगाते हुए पलिया पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उसे सम्‍पूर्णानगर थाने और सम्‍पूर्णानगर पुलिस ने जीआरपी जाने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया। मामला संज्ञान में आते ही एसपी ने सम्‍पूर्णानगर पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले की रहने वाली लाखपति पासवान पत्नी जोगेंद्र पासवान के नाम पर पलिया तहसील क्षेत्र के बिसेनपुर में दो एकड़ 90 डिसमिल जमीन है। उनके बाहर रहने की वजह से ग्राम प्रधान और कुछ अन्य लोग उसकी जमीन को जबरदस्ती खरीदने में लगे हुए थे। जब लाखपति अपने भाई राजू पासवान के साथ वापस आई तो प्रधान और अन्य लोगों ने उनसे जमीन बेंचने का दबाव बनाया, लेकिन पैसे की जरूरत की वजह से उन्होंने गांव के ही किसी व्यक्ति के पास डेढ़ लाख रुपए में जमीन गिरवी रख दी और पैसे लेकर अपने जिला वापस लौटने के लिए पलिया रेलवे स्टेशन पहुंचे।

आरोप है कि टिकट खरीदने के बाद जब वह लोग ट्रेन आने की राह देख रहे थे तभी प्रधान अपने साथी जंगली आदि के साथ वहां आ पहुंचा। सभी ने उसके भाई को पकड़ कर मारना-पीटना शुरू कर दिया। यह देख लाखपति मदद के लिए पुलिस बुलाने के लिए स्टेशन के बाहर भाग गई। बुरी तरह मारने-पीटने के बाद हमलावर राजू को सबके सामने अपने साथ उठा ले गए। वहीं, जब लाखपति पलिया थाने पहुंची तो वहां मामला सम्‍पूर्णानगर का होने की वजह से पुलिस ने सम्‍पूर्णानगर जाने की सलाह दी। जब वह मदद की गुहार लेकर सम्‍पूर्णानगर थाने पहुंची तो वहां की पुलिस ने मामला जीआरपी का होना बताकर पल्ला झाड़ लिया। इस दौरान मामले की खबर मीडिया कर्मियों को लग गई, जिन्होंने एसपी को अवगत कराया। एसपी ने तुरंत सम्‍पूर्णानगर पुलिस को आरोपियो की गिरफ्तारी और अपहरण की बरामदगी के निर्देश दिए।
फोटो: पीड़ित महिला।