मोहनलालगंज में घटनास्थल पर तफ्तीश करती पुलिस की फाइल फोटो।
लखनऊ. मोहनलालगंज रेप और मर्डर मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश करने के दो महीने बाद यूपी सरकार ने सीबीआई को रिमाइंडर भेजा है। प्रदेश सरकार की तरफ से शुक्रवार को भेजे गए रिमाइंडर में जल्दी जांच करने की बात कही गई है। बीते रविवार ही पीड़िता का परिवार लखनऊ आकर सीएम अखिलेश से मिला था। सीएम ने परिवार को भरोसा दिया था कि वे जल्दी ही इस मामले में सीबीआई रिमाइंडर भेजेंगे। इसी सिलसिले में शुक्रवार को प्रदेश सरकार ने सीबीआई को लेटर भेजा है।
बताते चलें कि घटना को हुए तीन महीने से ज्यादा वक्त बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच में कोई तेजी नहीं आई है। इसी बीच रविवार को पीड़ित परिवार सीएम अखिलेश यादव से मिलने के लिए देवरिया से लखनऊ पहुंचा। सीएम ने पीड़िता के घरवालों को दोबारा सीबीआई जांच के लिए रिमाइंडर देने का भरोसा दिया। रविवार की शाम सीएम ने अपने आवास पर करीब 15-20 मिनट तक मोहनलालगंज कांड की मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
डीएम को बच्चों का एडमिशन तत्काल कराने के निर्देश
उन्होंने समस्याओं को दूर करने का आश्वासन भी दिया। मृतका के देवर ने बताया कि सीएम ने गोरखपुर डीएम को बच्चों का एडमिशन तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हॉस्टल की सुविधा देने वाले स्कूल को प्राथमिकता देने के लिए भी कहा। इसका पूरा खर्चा सरकार उठाएगी। इसके साथ ही सीएम ने दोनों बच्चों को स्कूल बैग और किताबें भी दी थीं।
सीएम ने 28 जुलाई को दिए थे सीबीआई जांच के आदेश
सीएम अखिलेश यादव ने बीते 28 जुलाई को ही सीबीआई जांच के आदेश दे दिए थे। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीबीआई का कहना था कि अब तक केंद्र सरकार से उसे कोई निर्देश नहीं मिले हैं। लिहाजा जांच की प्रक्रिया नहीं शुरू की जा सकती। ऐसे में मामले को ठंडे बस्ते में डालने की आशंका भी बढ़ गई थी।
आगे पढ़िए महिला के बच्चों को मिला पांच-पांच लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट…