लखनऊ. हजरतगंज कोतवाली में मुंबई की रहने वाली एक युवती ने एक फाइव स्टार होटल के असिस्टेंट मैनेजर के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी मलेशिया गया और उसे यहां आते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताते चलें कि, मुंबई की रहने वाली अंजलि (काल्पनिक नाम) एक निजी कंपनी में कर्मचारी है। अंजलि के मुताबिक, वहीं का रहने वाला संतोष कुमार गुप्ता राजधानी के एक पांच सितारा होटल में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात है। युवती का आरोप है कि संतोष ने उससे दोस्ती करके 31 जनवरी को लखनऊ बुलाया और अपने होटल के रूम नंबर 303 में ठहरा दिया।
अंजलि की मानें तो आरोपी होटल के 616 रूम नंबर में रहता है। इसी दौरान रात करीब बारह बजे आरोपी उसके कमरे में घुस आया और नशीला पदार्थ पिलाकर रेप किया। सुबह होश आने पर अंजलि ने खुद को अस्त-व्यस्त देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई और उसने आरोपी का विरोध किया।
जान से मारने की दी धमकी
अंजलि की मानें तो आरोपी ने मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी है। वहीं, राजधानी में किसी से परिचित नहीं होने के कारण वह एफआईआर दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। कई दिनों तक आरोपी की करतूत पर पर्दा डालने से अंजलि अंदर ही अंदर घुटने लगी और शुक्रवार को हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है।
प्रतीकात्मक तस्वीर।