फोटो: देवी कुष्मांडा।
लखनऊ. 'सुरासम्पूर्णकलशं रूधिराप्लुतमेव चदधाना हस्तपदमाभ्याम कुष्मांडा शुभदास्तु मे।' रविवार को नवरात्रि का चौथा दिन है। चौथे दिन देवी मां के कुष्मांडा स्वरूप की पूजा की जाती है। संस्कृत में 'कुम्हड़े' को कुष्मांडा कहा जाता है। नवरात्रि में देवी के इस रूप के दर्शन करने से घर-परिवार में सुख-शांति आती है। साथ ही देवी मां भक्तों से प्रसन्न होकर उन्हें सिद्धियां देती हैं।
मान्यता है कि देवी मां ने अपनी हंसी से ब्रह्मांड को उत्पन्न किया था। इस कारण उनका नाम कुष्मांडा देवी हो गया। इन्हें सृष्टि की आदि स्वरूप माना जाता है। इन्हें अष्टभुजा देवी भी कहा जाता है। इनके सात हाथों में कमंडल, धनुष-बाण, कमल, फूल, अमृतपूर्ण कलश, चक्र और गदा है। आठवें हाथ में सभी सिद्धियों और निधियों को देने वाली जपमाला है। देवी का वाहन सिंह है।
ऐसे करें देवी मां की पूजा
आचार्य राकेश पांडेय के अनुसार, कुष्माण्डा देवी की पूजा खासतौर पर देर रात में करनी चाहिए। देवी मां की तस्वीर के सामने लाल रंग का आसन बिछाएं। उन्हें लाल रंग के कपड़े में लपेट कर रखें। इसके बाद देवी मां का ध्यान करें। उनका षोडशोपचार पूजन करके आरती करें। कुष्मांडा देवी को प्रसाद के रूप में कुम्हड़े को रखें। नवमी तिथि में उस कुम्हड़े का प्रसाद बनाकर पूरे परिवार के साथ खाएं।
ये मिलेगा फायदा
मां कुष्मांडा की उपासना करने से सारे कष्ट और बीमारियां दूर हो जाती है। उनकी पूजा से हमारे शरीर का अनाहत चक्र जागृत होता है। इनकी उपासना से जीवन के सारे शोक खत्म हो जाते हैं। इससे भक्तों को आयु, यश, बल और आरोग्य की प्राप्ति होती है। देवी मां के आशीर्वाद से सभी भौतिक और आध्यात्मिक सुख भी हासिल होते हैं।
इस मंत्र का करें जाप
मां का ध्यान करते समय 'या देवी सर्वभूतेषु मां कुष्माण्डा रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:' का जाप करना विशेष फलदायी होता है।
आगे देखिए, नवरात्रि में शहर के मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे भक्तों की कुछ अन्य तस्वीरें...