पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • New Vice Chancellor Action Fear LDA Look Differnt

नए वीसी की कार्रवाई की डर से बदला-बदला दिखा एलडीए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लखनऊ. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के नए उपाध्यक्ष (वीसी) भुवनेश कुमार ने मंगलवार को कार्यालय का निरीक्षण किया। पहले से निर्धारित इस कार्यक्रम को देखते हुए जहां सभी कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय में पहुंच गए थे, वहीं साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया था। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की कुर्सी सुबह से शाम तक खाली रहती थी, वहां वे मौजूद दिखे। कार्रवाई के डर से उन्होंने कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं को भी सुना और पूरे समय काम करते रहे।
एलडीए के उपाध्यक्ष भुवनेश कुमार ने जिस दिन पदभार ग्रहण किया था, उसी दिन उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात भी की थी। इसमें उन्होंने साफ निर्देश दिया था कि उन्हें किसी भी तरह की शिकायत मिलेगी तो संबंधित व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने ये भी कहा था कि वे कभी भी किसी भी केबिन में जाकर उसके विभाग की जानकारी ले सकते हैं, इसलिए आप लोग सभी फाइलों को समय से निपटाएं।
अधिकारी नहीं छोड़े कार्यालय
एक अधिकारी ने नाम न छापने पर बताया कि उन्हें आज जरूरी काम से जाना था, लेकिन वीसी साहब के निरीक्षण के कारण नहीं गए और अभी तक कार्यालय में ही बैठे हैं। उन्होंने बताया कि बाद में पता चला कि वे लोकलेखा समिति की बैठक में चले गए हैं, लेकिन फिर भी बैठे हैं कि वो कहीं लौटते वक्त न आ जाए। वहीं, पूरे कार्यालय में सफाई कर्मचारी फर्श को चमकाने में लगे थे।
लोगों से मिले अधिकारी
एलडीए में अपना काम कराने आए राजीव रस्तोगी का कहना है कि आज एलडीए के अधिकारी मिले हैं, हमेशा आने पर उनसे मुलाकात ही नहीं हो पाती थी। कार्यालय में होने पर कह दिया जाता था कि मिलने का समय 10-11 बजे का है। वहीं, बसंत कुंज योजना की समस्या लेकर आए शिवम का कहना था कि आज अधिकारी अपने केबिन में नजर आ रहे हैं।
वीसी की क्या हैं प्राथमिकताएं
नए वीसी भुवनेश कुमार ने कहा है कि अगर बिना वजह किसी आवंटी की फाइल रोकी गई और आवंटियों को परेशान किया गया तो उन बाबूओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उन्होंने शिकायत के लिए ई-मेल और टोलफ्री भी शुरु करने की बात कही, जिससे लोग अपनी शिकायत उन पर भी दर्ज करा सकें। साथ विवादित योजनाओं के भी जल्द निस्तारण की बात उन्होंने की।
फाइल फोटो