लखनऊ. मंगलवार को विधानसभा में चुनावी जीत के जश्न में शामली में हुए फायरिंग का मुद्दा उठाया गया। फायरिंग में 8 साल के बच्चे की मौत को लेकर बीएसपी, बीजेपी और कांग्रेस ने सदन में हंगामा किया। आजम खान ने हंगामा करने वाले को दंगाई करार दिया है। उन्होंने कहा, "पहले बीजेपी दाऊद के रिश्ते पर मोदी से सफाई मांगे। असली दंगाई बीजेपी वाले ही हैैं। वो स्लॉटर हाउस चलाते हैं।"
पंचायती राज मंत्री के निधन के बाद विधानसभा स्थगित
- यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव का मंगलवार को निधन हो गया। सीने में दर्द की शिकायत के बाद रविवार को उन्हें दिल्ली के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। मंगलवार को दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने अंतिम सांसें ली।
-पंचायती राज मंत्री के निधन के बाद विधानसभा में शोक सभा हुई। सीएम और विधायकों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी है। इसके बाद विधानसभा गुरुवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
विधानपरिषद कल तक स्थगित
- आज राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होनी थी, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर के मसले पर बीएसपी सदन से वॉक आउट कर गई।
- विधान परिषद में भी बीएसपी और बीजेपी ने हंगामा किया और पोस्ट-बैनर लहराएं। इसलिए सदन मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
क्या कहती है विपक्ष?
- कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर ने कहा, "प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल है। यहां कोतवाल राज चल रहा है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ (मीडिया) पर हमले हो रहे हैं। बुलंदशहर में पत्रकार पर मुकदमा दर्ज किया गया। उनका केस वापस लेना चाहिए। शामली फायरिंग में भी एमएलए के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। हमने नोटिस दिया था कि कानून व्यवस्था पर चर्चा होनी चाहिए। सरकार ने चर्चा से इनकार कर दिया।"
- बीएसपी नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, "विधान परिषद में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दे उठाए। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अवैध असलहों का इस्तेमाल हुआ। फायरिंग में बच्चे की हत्या हो गई। प्रदेश में किसान परेशान हैं। हमने सारे मुद्दों पर चर्चा की मांग की है। सरकार के अड़ियल रवैये के चलते हमने विरोध किया।"
क्यों सामने आया दाऊद इब्राहिम का नाम?
- हाल ही में आजम ने मोदी के सरप्राइज पाकिस्तान विजिट को लेकर विवादित बयान दिया था।
- आजम ने कहा था कि पाक पीएम शरीफ के घर में मोदी ने दाऊद इब्राहिम से मुलाकात की थी। उनके पास इस बात का सबूत है।
- हालांकि, भारत सरकार ने इस बात को तुरंत खारिज कर दिया था।
- बाद में बीजेपी ने कहा था कि आजम सबूत पेश करें, या सीएम माफीनामा दें।
शामली में क्या हुआ था?
- कैराना ब्लॉक में प्रत्याशी नफीसा ने सर्वदलीय प्रत्याशी संजीदा को चुनावी मुकाबले में हरा दिया।
- जीत की खबर मिलते ही उनके समर्थकों ने ब्लॉक ऑफिस के सामने ही अवैध हथियारों से हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
- यह सिलसिला करीब आधे घंटे तक चला। इस दौरान वहां मौजूद पीएसी और पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।
- इसी बीच रिक्शे से जा रहे 7 साल के शमी के सीने में गोली लग गई।
- गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- इस मामले में कैराना के सपा एमएलए नाहिद हसन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उनकी मौजूदगी में ही हर्ष फायरिंग हो रही थी।
- अखिलेश के ऑर्डर के बाद कैराना के पुलिस इंस्पेक्टर बीपी सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है।
- सीओ कैराना एनपी सिंह और एसडीएम को तत्काल प्रभाव से हटाया गया है।
- इस मामले में जितने लोग शामिल थे, उनके हथियारों के लाइसेंस कैंसिल कर दिए गए हैं।
- 10 लोगों में से 5 लोगों को नामजद किया गया है। इनपर आईपीसी की 147, 148, 149 और 302 धाराएं लगाई गई हैं।
- तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- समाजवादी पार्टी की और से भी नवनिर्वाचित हुई ब्लॉक प्रमुख को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।