लखनऊ. एक तरफ यूपी के 26 लाख 62 हजार हाईस्कूल पास लाखों छात्रों को टैबलेट बांटने की सपा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना इस समय सीएम अखिलेश यादव के लिए सिरदर्द बनती दिखाई दे रही है। काफी कोशिश के बाद भी अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, वहीं दूसरी तरफ सीएम अखिलेश यादव की एक और महत्वाकांक्षी योजना लैपटॉप वितरण भी समय सीमा पार करती नजर आ रही है। मार्च में 10 हजार लखनऊ के छात्र छात्राओं को लैपटॉप बांटे जाने के बाद से दो महीने का समय बीत चुका है और अभी तक एक भी लैपटॉप बांटा नहीं जा सका है। जबकि तैयारियों की बात करें तो सरकार की योजना थी कि मई खत्म होते-होते करीब डेढ़ लाख छात्रों के हाथ में लैपटॉप दे देना है।
2012 के छात्रों को लैपटॉप बंटे नहीं और अब सरकार पर जून में 2013 के रिजल्ट का प्रेशर आ गया। ऐसे में इन नए पास हुए छात्रों को कब लैपटॉप मिलेंगे इस सवाल का उत्तर किसी के पास नहीं है। 11 मार्च को 10 हजार छात्रों को लैपटॉप बांटने की योजना शुरू करने के बाद से बताया गया कि इस साल सितम्बर तक 15 लाख छात्रों को चरणबद्ध तरीके से लैपटॉप दे दिए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार एचपी कंपनी को जो जिम्मेदारी दी गई, उसके मुताबिक कंपनी को 75 ,000 लैपटॉप की पहली खेप अप्रैल तक जारी कर देनी थी। लेकिन अभी तक महज 10 हजार लैपटॉप ही बांटे जा सके हैं।
अप्रैल की समय सीमा से आगे निकलने के कारण अब कंपनी पर मई महीने की 75 हजार लैपटॉप की सप्लाई का और प्रेशर आ गया है। यानी इस महीने सरकार समय सीमा को मेनटेन करना चाहती है तो उसे करीब 1 लाख 30 हजार लैपटॉप मई में ही बांटने हैं। फिलहाल इसकी कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। मई के बाद जून में लैपटॉप खेप की रफ्तार में तेजी आएगी और कंपनी को इसी महीने 3 लाख 75 हजार लैपटॉप सरकार को उपलब्ध कराने हैं। फिर जुलाई में 3 लाख 75 हजार लैपटॉप की सप्लाई आएगी। इसके बाद अगस्त और सितम्बर में 3-3 लाख लैपटॉप कंपनी देगी, जिसे सरकार को छात्रों के हाथ में सौंप देना है।
लैपटॉप बांटे जाने में देरी के पीछे कोई अफसर कुछ बोलने को तैयार नहीं। शासन के कुछ अफसर ये तर्क दे रहे हैं कि इतनी बड़ी योजना है, थोड़ी देर तो होगी ही। वैसे अगर लैपटॉप सप्लाई की बात करें तो सरकार का दावा है कि अब तक कानपुर नगर में पहली खेप में 20,813 व दूसरी में 8,047 लैपटॉप पहुंचे हैं। गौतमबुद्ध नगर में 2,476, गाजियाबाद में 5,598, इटावा में 5,428 व मैनपुरी में 2,429 लैपटॉप की आमद हो चुकी है। लखनऊ में बांटे जा चुके करीब 10 हजार लैपटॉप के अलावा अब तक 26 जिलों में लगभग डेढ़ लाख लैपटॉप पहुंचाये जा चुके हैं। लेकिन बांटे अभी तक नहीं गए।
मामले में प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी कहते हैं गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, कानपुर, मैनपुरी और इटावा के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने जिले में लैपटॉप बांटने के लिए निश्चित तारीख का प्रस्ताव प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री को जल्द भेज दें। इसी महीने यहां लैपटॉप बांट दिए जाएंगे। मुख्य सचिव के अनुसार लैपटॉप वितरण कार्यक्रम के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इस संबंध में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लैपटॉप वितरण कैसे कराया जाए इसकी ट्रेनिंग भी लखनऊ में शुरू हो गई है।