लखनऊ. प्रोफेसर राजीव कुमार श्रीवास्तव आईआईएम लखनऊ के इंटेरिम डायरेक्टर नियुक्त किए गए हैं। सोमवार को इस बात की आधिकारिक घोषणा आईआईएम, लखनऊ के चेयरमैन डॉ. जे.जे. इरानी ने की।
प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने अपनी शिक्षा यूएस के वर्जीनिया टेक यूनिवर्सिटी, एनआईटीआईई मुंबई और आईआईटी कानपुर से पूरी की है। पिछले दो दशकों से वे आईआईएम लखनऊ को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कई एकेडमिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संभाल चुके हैं। वे चेयरपर्सन-स्टूडेंट्स अफेयर, चेयरपर्सन-एलुमनाई अफेयर्स, चेयरपर्सन- पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम और डीन एकेडमिक अफेयर्स का कार्यभार संभाल चुके हैं।
स्थाई निदेशक के लिए एचआरडी मंत्रालय की मंजूरी का इंतजार
चेयरमैन डॉ. जे.जे. इरानी ने प्रो. श्रीवास्तव को बधाई देते हुए कहा उन्हें आईआईएम लखनऊ के बोर्ड ऑफ गर्वनर्स की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि आईआईएम लखनऊ को एचआरडी मंत्रालय की अनुमति का इंतजार है। इसके बाद इन्हें स्थाई तौर पर फुल-टाइम निदेशक के रूप में नियुक्त किया जा सकेगा।
देवी सिंह का टर्म पूरा होने पर खाली हुआ था पद
इससे पहले रहे आईआईएम लखनऊ के डायरेक्टर प्रो. देवी सिंह का कार्यकाल पूरा हो गया था। इसके बाद उन्हें जे.के. लक्ष्मीपत यूनिवर्सिटी, जयपुर के कुलपति के पद पर नियुक्त किया गया। वे पिछले दस सालों से आईआईएम लखनऊ के डायरेक्टर के पद पर नियुक्त थे। बीते मार्च में उनका दूसरा कार्यकाल पूरा होने के बाद एचआरडी मंत्रालय ने उन्हें सर्विस एक्सटेंशन दिया था। इससे पहले वे साढ़े चार साल के लिए मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एमडीआई), गुडगांव के डॉयरेक्टर रहे। वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कोझीकोड, नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडी (मुंबई), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (नई दिल्ली), निट्टी (मुंबई), अंबेडकर यूनिवर्सिटी (लखनऊ), जामिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी (नई दिल्ली), तेजपुर यूनिवर्सिटी के बोर्ड/कार्यकारी परिषदों के सदस्य और आईआईएम (रोहतक) रोहतक और आईआईएम (काशीपुर) के 'मेंटर डायरेक्टर' रह चुके हैं।
प्रोफेसर राजीव कुमार श्रीवास्तव की फाइल फोटो।