शाहजहांपुर. यूपी के शाहजहांपुर में रिलायंस पॉवर से चोरी हुआ रेडियोग्राफी कैमरा मंगलवार को मिल गया। यह कैमरा ग्वारी और कनेग गांव के बीच में गन्ने के खेत में पड़ा मिला। कैमरा मिलने की सूचना के बाद एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया।
दोपहर में ग्वारी गांव के निवासी एक व्यक्ति ने रिलायंस की सिक्युरिटी को सूचना दी कि गांव के बाहर गन्ने के खेत में लोहे का कोई भारी यंत्र पड़ा है। उसके साथ बिजली का केबल भी है। सिक्युरिटी ने तुरंत इसकी सूचना अपने अफसरों को दी। रिलायंस के अफसर ग्रामीण की सूचना पर ग्वारी गांव पहुंचे तो गन्ने के खेत के बाहर ही रेडियोग्राफी कैमरा पड़ा हुआ था।
बताया जा रहा है कि बीते आठ फरवरी की रात को यह कैमरा रिलायंस पॉवर में स्विच रूम के पास बने कमरे से चोरी हो गया था। यह कैप्सूलनुमा रेडियोग्राफी कैमरा कमरे में जमीन के अंदर छह से सात फीट की गहराई पर एक भारी-भरकम बॉक्स के अंदर रखा गया था। इस कमरे में भी डबल लॉक रहता है। कैमरे का वजन लगभग 40 किलो है। वहीं, इसकी कीमत 25 लाख रुपए बताई जा रही है।
फोटो: खेतों में मिला रेडियोधर्मी कैमरा