तस्वीर में: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मंहत अवैधनाथ को श्रद्धांजलि देते हुए।
गोरखपुर. केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी शनिवार की शाम गुरु गोरक्षनाथ मंदिर पहुंचकर ब्रह्मलीन महंत अवैधनाथ का अंतिम दर्शन कर आशीर्वाद लिया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अवैधनाथ को श्रद्धांजलि देने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि जहां एक तरफ महंत अवैधनाथ संत रहे वहीं, दूसरी तरफ उनकी सामाजिक और राजनैतिक गतिविधियों में भी बराबर की भागीदारी रही है। उन्होंने बहुत ही आध्यात्मिक जीवन जिया है। साथ ही एक मर्यादित जीवन भी जीते रहे। परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। यही हम सब की ईश्वर से प्रार्थना है।
राम मंदिर का सपना हो पूरा
राजनाथ सिंह ने कहा कि महंत अवैधनाथ के निधन से प्रदेश ही नहीं, देश और समाज को बड़ी क्षति हुई है। देश में कहीं भी चले जाइए लोग महंत अवैधनाथ को बड़े ही सम्मान से देखते थे। राम मंदिर उनका संकल्प है भगवान करे कि वह संकल्प पूरा हो जाए।
महंत अवैधनाथ की भरपाई कोई नहीं कर सकता
लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा कि वह मानते हैं कि इस प्रकार के महान संत बहुत कम होंगे, जिन्होंने समाज को जोड़ा। इन्होंने सार्वजनिक जीवन में भी वर्षों तक सांसद बनके देश की सेवा की। उन्होंने बताया कि कुछ ही महीने पहले गोरखपुर आ करके उन्हें अवैधनाथ के दर्शन करने और मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। मन में कष्ट हो रहा कि इनके स्वर्गवास के अवसर पर वह यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को देखकर लगता है कि इस प्रकार के संत महात्मा जितना कुछ समाज और देश को दे जाते हैं, उसकी भरपाई कोई दूसरा नहीं कर सकता।
आगे तस्वीरों में देखिए लाल कृष्ण आडवानी ने महंत अवैधनाथ को दी श्रद्धांजलि...