लखनऊ. यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम एक बार फिर किराए में बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रहा है। निगम को घाटे से उबारने के लिए मंगलवार को निदेशक ने बैठक लेने के बाद यह निर्णय लिया कि किराए में तीन पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की जाए। निगम ने इस प्रस्ताव को पास कर राज्य परिवहन प्राधिकरण के पास भेज दिया है। राज्य परिवहन प्राधिकरण अगर निगम का प्रस्ताव पास कर देता है तो यात्रियों को बढ़ा किराया चुकाना पड़ेगा।
मंगलवार को निगम के बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि राजस्व बढ़ाने के लिए वाहनों की सघन चेकिंग और हर महीने का विवरण निदेशक को भेजा जाएगा। इसके अलावा यात्री किराए में तीन पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर की वृद्धि का प्रस्ताव अध्यक्ष राज्य परिवहन प्राधिकरण को भेजने का निर्णय लिया गया। बताते चलें, हाल ही में निगम ने अपने किराए में दो पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की थी। उस समय भी निगम ने घाटे से उबारने के लिए किराया बढ़ाने की मजबूरी बताई थी।
छह एकड़ में बनेगा चित्रकूट बस अड्डा
इसके अलावा चित्रकूट में देशी-विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टेशन और कार्यशाला के निर्माण के लिए छह एकड़ जमीं खरीदने को भी हरी झंडी दे दी गई। साथ ही 2014-15 के लिए 50 साधारण नॉन एसी स्लीपर बसों सहित 450 नई बसें निगम बेड़े में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
अब हर महीने होगी बोर्ड की बैठक
निदेशक मंडल ने निर्देश दिया है कि हर महीने के तीसरे मंगलवार को बोर्ड बैठक की जाएगी। अप्रैल और अगस्त महीने में प्रतिफलों की समीक्षा करने के बाद सात बस अड्डों के अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इनमें मेरठ, अलीगढ़, मुरादाबाद, आजमगढ, देवीपाटन, सहारनपुर तथा हरदोई के अधिकारी शामिल हैं।
एडवांस पेमेंट पर ही जाएंगी बसें
निगम अब अपनी बसें किसी भी काम के लिए बिना एडवांस पेमेंट के नहीं देंगी। निगम बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया कि लोक सभा, विधान सभा, निकाय चुनाव या किसी अन्य शासकीय विभागों की मांग पर दी जाने वाली बसों के किराये की कुल धनराशि का 90 प्रतिशत धनराशि अग्रिम भुगतान प्राप्त कर ही बसें उपलब्ध।
प्रतीकात्मक तस्वीर