फोटो: आतंकी घटना में मारा गया छात्र तुषार।
लखनऊ. बीते छह दिसंबर को रूड़की में हुए ब्लास्ट का मामला अब आतंकी कनेक्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। इसमें एक स्कूली बच्चे की मौत हो गई थी। उत्तराखंड के डीजीपी वीएस सिद्धू ने भी इस मामले में बिजनौर से भागे हुए सिमी आतंकियों के शामिल होने की आशंका जताई है। मामले की जांच अब नेशनल इंवेस्टिगेटिंग एजेंसी को सौंप दी गई है।
बीते शनिवार को हुए ब्लास्ट के मामले में उत्तराखंड के डीजीपी का कहना कि यह विस्फोट पाइप बम से हुआ था। उनका मानना है कि ऐसा विस्फोट, विस्फोटक बनाते समय भी हो सकता है। डीजीपी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस इस नजरिए से भी मामले की जांच कर रही है। बताते चलें कि बिजनौर से फरार आतंकियों की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड की तरफ भागते हुए ही मिली थी।
उत्तराखंड की तरफ भागे थे बिजनौर के आतंकी
यूपी के बिजनौर से फरार आतंकियों अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस आतंकियों के उन ठिकानों तक तो पहुंच गई है, जहां वह किराए पर रहते थे, लेकिन अभी तक एक भी आतंकी गिरफ्तार नहीं हो सका है। पुलिस और एटीएस की टीम फरार आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए वेस्ट यूपी में तलाश करती रही। मेरठ और मुजफ्फरनगर में संदिग्धों की तलाशी ली गई। इसके बाद संभावना जताई गई कि ये आतंकी उत्तराखंड में कहीं पनाह लिए हुए हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बिजनौर से फरार आतंकियों के लिए इस समय सबसे सुरक्षित स्थान उत्तराखंड हो सकता है। बम विस्फोट के बाद उनके लिए वेस्ट यूपी में कहीं छुपना सुरक्षित नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि फरार आतंकी बिजनौर से नजीबाबाद होते हुए उत्तराखंड में प्रवेश कर गए। वहां वे कोटद्वार या आसपास के इलाकों में में भी छुपे हो सकते हैं।
छह दिसंबर को लेकर हो सकती है घटना
जिस जगह पर छह दिसंबर को विस्फोट हुआ वहां से कुछ ही दूरी पर विहिप ने विधायक संगीत सोम की अगुवाई में शौर्य दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया था। उसी समय गवर्नमेंट इंटर कॉलेज के कक्षा छह का 11 वर्षीया छात्र तुषार धीमान उधर से अपने दो साथियों के साथ गुजरा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टिफिन में पड़े बम को जैसे ही छात्रों ने उठाया उसमे विस्फोट हो गया. विस्फोट में तुषार को सर के पीछे चोट आई और उसकी मौत हो गयी जबकि उसके दो अन्य साथी घायल हो गए. पुलिस इस मामले में खुलकर तो नहीं बोल रही लेकिन दबी जबान पुलिस वालों का मानना है कि यह छह दिसम्बर को लेकर की गई आतंकी घटना हो सकती है।
आगे पढ़िए आईएसआई एजेंट से भी हुई पूछताछ...