लखनऊ. आजमगढ़ में शक्ति प्रदर्शन के बाद
मुलायम सिंह यादव ने रविवार को हरदोई का दौरा किया। उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने जिले को करोड़ों की सौगात दी। इसके तहत 81 योजनाओं का लोकार्पण और कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुलायम ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों और छात्रों की हितैषी है। हमारी पार्टी लगातार नई योजनाएं ला रही है। सपा अपना हर वादा पूरा करती है, लेकिन केंद्र सरकार ने हर वादा झूठा किया है। उन्होंने कहा कि वादा खिलाफी भी एक तरह का भ्रष्टाचार है।
मुलायम ने ये बातें हरदोई के राजकीय इंटर कॉलेज मे आयोजित त्रिस्तरीय पंचायत सम्मेलन और जनसभा के दौरान कही। इस दौरान केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को कई सुनहरे सपने दिखाए। एक के बाद एक लुभावने वादे किए, लेकिन इन्हें कभी पूरा नहीं किया। सरकार ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने, बिजली संकट दूर करने, कालाधन वापस लाने का वादा किया था। उनके वादे अभी तक पूरे नहीं हुए। वादाखिलाफी भी एक तरह का भ्रष्टाचार है। इसके उलट सपा ने अपने घोषणा पत्र में दिए गए हर वादे को पूरा किया है। युवाओं को नौकरी देने के लिए हम नई-नई योजनाएं लेकर आ रहे हैं।
विदेश नीतियों पर उठाए सवाल
सपा सुप्रीमो ने कहा कि मोदी की विदेश नीति भी अजीब है। जब-जब वह चीन के राष्ट्रपति से हाथ मिलाते है, तब चीनी सेना भारत की जमीन पर घुसपैठ करने की कोशिश करती है। उन्होंने केंद्र सरकार को चीन के कब्जे से भारत की जमीन छुड़ाने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि यदि मोदी सरकार इस ओर पहल करती है, तो सपा उसका साथ देगी। उन्होंने कहा कि जब वह रक्षामंत्री थे, तब पाक ने एक हेलिकॉप्टर गिराया था। उस दौरान रक्षा मंत्रालय ने इसका करारा जवाब दिया था।
सपा ने पूरे किए वादे
मुलायम ने कहा कि उनकी सरकार की कथनी और करनी मे कोई फर्क नहीं है। सपा ने जो वादे किए वह पांच साल के बजाए तीन साल साल में ही पूरे हुए। देश की किसी भी प्रदेश की सरकारें इतना बेहतर काम नहीं कर सकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों के विभागों में रिक्तियां हैं। वह सभी को बुलाकर कहेंगे कि युवाओं को नौकरियां दी जाए।
आगे पढ़िए, कार्यकर्ताओं को मुलायम ने दी अच्छा काम करने की नसीहत...