लखनऊ. सीरियल किलर तीन भाई सलीम, रुस्तम और शोहराब तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसके बावजूद उनके गुर्गे अब भी बेहद सक्रिय हैं। इसका खुलासा एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने के बाद कैंट पुलिस ने किया है।
अपने आकाओं के रुकने की व्यवस्था करता था रवि
कैंट थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रवि गौतम तीनों भाइयों के कहने पर अपराध करता था। साथ ही पेशी पर आने के दौरान अपने आकाओं के ठहरने की व्यवस्था भी करता था। फिलहाल आरोपी रवि वर्तमान में किसी घटना में शामिल नहीं था। पुलिस ने उसे पुराने मामले में कोर्ट में हाजिर न होने के कारण गिरफ्तार किया।
अब भी जारी है हत्या-वसूली का खेल
त्रिपाठी के मुताबिक, तिहाड़ जेल में बंद कैंट इलाके के ही निवासी सलीम, सोहराब और रुस्तम के इशारे पर अब भी हत्या और वसूली का खेल जारी है। उनके गुर्गे वारदात को अंजाम देकर उससे मिलने वाले रुपए तीनों तक पहुंचा रहे हैं।
पहले भी गिरफ्तार हुआ था सलीम का शूटर
करीब डेढ़ महीने पहले कैंट पुलिस ने सलीम के एक शूटर राहुल को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि पूछताछ में राहुल ने राजधानी में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की बात कबूली थी।