लखनऊ. स्केटिंग और शूटिंग के शौकीनों को किसी दूसरी जगह पर जाने की जरूरत नहीं। अब यह सुविधा उन्हें लखनऊ में ही मिल सकेगी। यहां स्टैंडर्ड रोलर स्केटिंग रिंक और फायरिंग रेंज बनाने की बनाने की योजना है। इसके लिए लखनऊ के डीएम राजशेखर ने विशेष पहल की है। एक समिति का गठन कर विचार-विमर्श शुरू कर दिया गया है।
राजधानी में लोग सड़कों पर ही स्केटिंग किया करते थे। अब इसके लिए एक रिंग स्पोर्ट्स कॉलेज में बनाया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी राजशेखर ने कुर्सी रोड स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य को पत्र लिखा और इसके लिए एक समिति भी गठित की है। यह समिति स्पोर्ट्स कॉलेज में पड़ी खाली जमीन के सत्यापन के साथ ही उसका एस्टीमेट तैयार करके बीस फरवरी तक रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी राजशेखर ने जो कमेटी गठित की है उसमें अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार, नगर मजिस्ट्रेट एनएन यादव, क्षेत्रीय खेल अधिकारी एलआर पटेल, कुर्सी रोड स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार बनौधा, लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धर्मराज यादव शामिल हैं। यह कमेटी जमीन का विजिट करके इसकी रिपोर्ट सौंपेगी।
इस बाबत जिलाधिकारी राजशेखर ने कहा- 'हमारा प्रयास है कि खेलों को बढ़ावा मिले। राजधानी में इसकी आवश्यकता बहुत दिनों से महसूस की जा रही थी। वहीं जो बच्चे इसके शौकीन थे वो भी काफी दिनों से इसकी मांग कर रहे थे। इसलिए हमने इसको बनाने का निर्णय लिया है।'
आगे पढ़िए इस खबर से लोगों में है कैसी प्रतिक्रिया...